Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

वातानुकूलित सुविधा नहीं होने पर बिगड़े विजेंदर

Advertiesment
हमें फॉलो करें वातानुकूलित सुविधा नहीं होने पर बिगड़े विजेंदर
नई दिल्ली , बुधवार, 23 जून 2010 (23:33 IST)
ओलिम्पिक काँस्य पदक विजेता मुक्केबाज विजेंदर सिंह ने देश में वातानुकूलित अभ्यास सुविधा नहीं होने की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि इससे अक्टूबर में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए अच्छी तरह से तैयार होने में मुक्केबाजों को मदद मिलती।

विजेंदर ने एक पैनल चर्चा के दौरान कहा कि अभी भारत में एक भी वातानुकूलित मुक्केबाजी हाल नहीं है, जहाँ हम अभ्यास कर सकते थे। भारत के इस हिस्से में गर्मी को देखते हुए इस तरह की सुविधा का होना महत्वपूर्ण है, जहाँ मुक्केबाज आराम से अभ्यास कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि उदाहरण के लिए उत्तर भारत में इस समय तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक चला जाता है और ऐसे में इस तरह की सुविधाएं निश्चित तौर पर हमारी बेहतर तैयारी में मदद करेंगी और इससे अलग-अलग प्रतियोगिताओं में हम अच्छा प्रदर्शन भी करेंगे।

मिडिलवेट (75 किग्रा) भार वर्ग में अभी दुनिया के नंबर एक मुक्केबाज विजेंदर ने हालाँकि कहा कि दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों के लिए उनकी तैयारियाँ अच्छी चल रही है और उन्हें इनमें अच्छे प्रदर्शन की आस है।

इस बीच राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी ने कहा कि वह दक्षिण अफ्रीका के फीफा विश्व कप के सफल आयोजन से सीख लेकर अब तक के सर्वश्रेष्ठ राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन करेंगे।

उन्होंने कहा ‍कि शुरू में फीफा ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका जैसा विकासशील देश इस तरह की बड़ी प्रतियोगिता का आयोजन नहीं कर सकता, जिसमें इतने अधिक देश भाग लेंगे, लेकिन दक्षिण अफ्रीका ने उसे गलत साबित कर दिया।

भारतीय ओलिम्पिक संघ के भी अध्यक्ष कलमाड़ी ने इस खेल महाकुंभ के लिए टिकटों की माँग पर खुशी व्यक्त की।
उन्होंने कहा ‍कि राष्ट्रमंडल खेलों के टिकटों के लिए भारी माँग है विशेषकर उद्‍घाटन और समापन समारोह के लिए जो जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में होंगे।

इसके अलावा तैराकी, हॉकी और एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के टिकट भी खूब बिक रहे हैं। दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, केंद्रीय शहरी विकास मंत्री जयपाल रेड्डी और अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह ने भी परिचर्चा में हिस्सा लिया। (भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi