Publish Date: Sun, 12 Aug 2018 (14:29 IST)
Updated Date: Sun, 12 Aug 2018 (14:36 IST)
हो ची मिन्ह सिटी। भारतीय शटलर अजय जयराम को इंडोनेशिया के शेसार हिरेन हुस्तावितो से रविवार को लगातार गेमों में 14-21, 10-21 से पराजित होकर वियतनाम ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
गैर वरीयता प्राप्त जयराम 7वीं सीड जापान के यू इगाराशी को उलटफेर का शिकार बनाते हुए फाइनल में पहुंचे थे लेकिन वे अपनी लय को खिताबी मुकाबले में बरकरार नहीं रख पाए। विश्व में 93वीं रैंकिंग के जयराम 79वीं रैंकिंग के इंडोनेशिया के हुस्तावितो के सामने खास चुनौती नहीं पेश कर सके और मात्र 28 मिनट में पराजित हो गए।
हुस्तावितो ने इससे पहले सेमीफाइनल में एक अन्य भारतीय खिलाड़ी मिथुन मंजूनाथ को हराया था। जयराम और हुस्तावितो के बीच इससे पहले करियर में 5 वर्ष पूर्व 2013 के थाईलैंड ओपन में मैच हुआ था और तब जयराम ने 3 गेमों के संघर्ष में 21-11, 19-21, 21-9 से हुस्तावितो को मात दी थी, लेकिन इस बार वे आसानी से समर्पण कर गए। (वार्ता)