Publish Date: Fri, 07 Sep 2018 (22:16 IST)
Updated Date: Fri, 07 Sep 2018 (22:52 IST)
नई दिल्ली। भारत की मेजबानी में इस वर्ष ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित होने वाले हॉकी विश्व कप के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम नए जोश के साथ नए लुक में भी नजर आएगी जिसकी झलक शुक्रवार को पेश की गई।
पुरुष हॉकी टीम के लिए एक विशेष तौर से तैयार किए गए विश्व कप कलेक्शन को शुक्रवार को पेश किया गया जिसे ब्रांड रणनीतिज्ञ नुपूर महाजन और डिजाइनर नरेन्द्र कुमार ने डिजाइन किया है। इस कलेक्शन को हॉकी के दिग्गजों अजीत पाल सिंह, अशोक कुमार, धनराज पिल्लै, दिलीप तिर्की, संदीप सिंह की उपस्थिति में राष्ट्रीय टीम के कोच हरेंद्र पाल सिंह और राष्ट्रीय पुरुष टीम के खिलाड़ियों ने प्रदर्शित किया। विश्व कप कलेक्शन में आधिकारिक पहले और दूसरे विश्व कप मैचों की किट और इंडिया ब्लेजर शामिल है।
इस नए कलेक्शन का उद्देश्य भारतीय टीम में आत्मविश्वास का संचार करना है ताकि वे खिताब पाने के लिए अपनी तैयारी में कोई कसर न छोड़ें। पुरुष हॉकी टीम के कप्तान पीआर श्रीजेश ने इस अवसर पर कहा कि टीम का ध्यान केवल भारत को गौरव प्रदान करने पर है। हम इस नई जर्सी को लेकर उत्साहित हैं और मुझे उम्मीद है कि यह टीम को और भी अधिक प्रेरित करेगी। मैं सभी भारतीयों से अपने दिल की धड़कनें हॉकी के नाम करने और इस विश्व कप में हमारा समर्थन करने की गुजारिश करता हूं। इसके बदले हम आपको अपना खून और पसीना एक कर देंगे और उम्मीद है कि विश्व कप लाकर आपको देंगे।
इस कार्यक्रम में सितारों और दर्शकों दोनों ने मिलकर अपने दिल की धड़कनें हॉकी के नाम करने का जुनून दिखाया। इस लॉन्च का शोस्टॉपर हार्टबीट थी एक ऐसी हॉकी स्टिक, जो दिल की धड़कनें दर्ज करती है और विश्व कप की तैयारी के तहत एक जोरदार संख्या दिल की धड़कनों को इकट्ठा करने के मिशन पर है। इस संग्रहण को और बढ़ाने के लिए हार्टबीट्स फॉर हॉकी डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया गया था जिसमें बस अब एक क्लिक के माध्यम से अपने दिल की धड़कन को हॉकी के नाम किया जा सकता है।