Publish Date: Wed, 18 Nov 2015 (18:16 IST)
Updated Date: Wed, 18 Nov 2015 (23:25 IST)
मोंटवीडियो। अर्जेंटीना और ब्राजील ने मंगलवार को यहां महत्वपूर्ण जीत दर्ज करके 2018 विश्व कप क्वालीफाइंग के अपने अभियान में नई जान भरी, लेकिन कोपा अमेरिका चैंपियन चिली को उरूग्वे से हार का सामना करना पड़ा।
पहले तीन मैचों में केवल दो अंक हासिल करने वाले दो बार के विश्व चैंपियन अर्जेंटीना ने बैरनक्विला में लुकास बिजलिया के पहले हॉफ में किए गए गोल के मद पर कोलंबिया को 1-0 से हराया। इस बीच ब्राजील ने क्वालीफाइंग में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए साल्वाडोर में पेरू को 3-0 से शिकस्त दी।
बायर्न म्यूनिख के स्टार डगलस कोस्टा ने एक गोल किया तथा दो अन्य गोल करने में मदद की। मोंटवीडियो में उरूग्वे ने चिली को 3-0 से हराकर इस साल के शुरू में कोपा अमेरिका के क्वार्टर फाइनल में मिली हार का बदला चुकता किया।
इस जीत से उरूग्वे चार मैच में नौ अंक लेकर दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। वह इक्वेडर से तीन अंक पीछे है जिसने अपने शुरुआती चारों मैच जीते हैं। उसने मंगलवार को वेनेजुएला को 3-1 से हराया।
ब्राजील के सात अंक हैं और वह तीसरे स्थान पर है। वह पराग्वे और चिली से गोल अंतर से आगे है। अर्जेंटीना छठे स्थान पर है और क्वालीफाइंग के चोटी के पांच स्थानों से बाहर है। (भाषा)