Publish Date: Wed, 28 Oct 2015 (16:47 IST)
Updated Date: Wed, 28 Oct 2015 (16:52 IST)
कोलकाता। लगातार दो हार के बाद अपनी गलतियों से सबक लेते हुए गत चैम्पियन एटलेटिको डि कोलकाता कल इंडियन सुपर लीग फुटबॉल मैच में दिल्ली डायनामोस के खिलाफ जीत के इरादे से उतरेगी।
लगातार हार के बाद एटीके शीर्ष चार से बाहर हो गई है और कई प्रमुख खिलाड़ियों के चोटिल होने से उसका प्रदर्शन प्रभावित हुआ है। मारकी खिलाड़ी हेलडेर पोस्टिगा भी अगले महीने तक वापसी नहीं कर सकेंगे।
मैच से एक दिन पहले एटीके ने बताया कि उसके डिफेंडर जोस मिगुल गोंजालेस भी पूरे सत्र में नहीं खेलेंगे। एटीके के खेल निदेशक अलबटरे मारेरो ने कहा कि एटीके के अनुभवी डिफेंडर जोसेमी को बाएं घुटने में चोट लगी है। उन्हें डाक्टरों ने पूरी तरह आराम के लिए कहा है।
पुर्तगाल के विश्व कप स्टार पोस्टिगा स्वदेश लौट चुके हैं। वहीं फारवर्ड अराता इजुमी को भी चोट लगी है और वे पिछले मैच में नहीं खेले थे जिसमें टीम को नार्थ ईस्ट युनाइटेड एफसी के हाथों 0- 1 से पराजय झेलनी पड़ी।
इससे पहले पुणे ने उसे 1- 0 से हराया था। कोच अंतोनियो हबास ने उस मैच के बारे में कहा कि यह मेरे कोच रहते एटीके का सबसे खराब मैच था। हम अंतिम चार में फिर पहुंचने के लिए पूरी मेहनत करेंगे।
पांच मैचों में छह गोल गंवा चुके एटीके को डिफेंस पर लाना होगा। जोसेमी की गैर मौजूदगी के बीच राइट बैक रिनो अंटो भी पिछले मैच में नहीं चल सके लिहाजा डेंजिल फ्रेंको को उतारा जा सकता है। दूसरी ओर दिल्ली डायनामोस के तीन मैचों के विजय अभियान पर मुंबई ने रोक लगाई थी। उसे पिछले मैच में 0- 2 से पराजय झेलनी पड़ी।
दिल्ली के पास राबिन सिंह और चेलसी के पूर्व विंगर फ्लोरेंट मालूडा जैसे स्ट्राइकर हैं। मालूडा ने केरल के खिलाफ विजयी गोल में सूत्रधार की भूमिका निभाई थी, जो दिल्ली की लगातार तीसरी जीत थी।
शहर के फुटबॉलप्रेमियों को इस मैच के जरिए ब्राजील के 2002 विश्व कप विजेता राबटरे कालरेस को भी खेलते देखने का मौका मिलेगा जो दिल्ली के मारकी खिलाड़ी और कोच हैं। (भाषा)