Publish Date: Sun, 22 Nov 2015 (22:16 IST)
Updated Date: Sun, 22 Nov 2015 (22:18 IST)
कोलकाता। मौजूदा चैंपियन एटलेटिको डि कोलकाता के दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी समीग दुती के दो गोल की मदद से रविवार को यहां एफसी गोवा को 4-0 से हराकर इंडियन सुपर लीग फुटबॉल टूर्नामेंट में फिर से शीर्ष स्थान हासिल किया।
एटीके ने दबदबे वाला प्रदर्शन किया और बड़ी जीत दर्ज की। उसकी तरफ से दुती ने 20वें और 78वें मिनट में जबकि बोर्जा फर्नाडिस ने 22वें और इयान ह्यूम ने 68वें मिनट में गोल किए।
यह एटीके की 12वें मैच में छठी जीत है जिससे उससे तीन अंक मिले। इससे वह एफसी गोवा को शीर्ष पर से हटाने में सफल रहा। एटीके के अब 20 अंक हैं जबकि गोवा के 11 मैचों में 18 अंक हैं।
गोवा की यह लगातार दूसरी और कुल चौथी हार है। एटीके ने साल्टलेक स्टेडियम में दर्शकों के अपार समर्थन के बीच गोवा के शुरुआती हमलावर तेवरों को नाकाम करने के बाद अपना दबदबा बनाया। शुरू में डुडु के पास मौके थे लेकिन वह उनका फायदा नहीं उठा पाए।
इसके विपरीत एटीके को जब मौके मिले तो उसने उनका पूरा फायदा उठाया जिससे स्टेडियम में मौजूद उसके सहमालिक सौरव गांगुली के चेहरे पर मैच में अधिकतर समय मुस्कान तैरती रही। खेल के 20वें मिनट में जेमी गाविलन ने गोवा के रक्षकों के बीच से दुती के पास गेंद पहुंचाई जिन्होंने गोलकीपर लक्ष्मीकात कटिमनी के दाईं तरफ गेंद को जाली में पहुंचाया। (भाषा)