khatu shyam baba

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

ऑस्ट्रेलिया ओपन : फेडरर की 300वीं ग्रैंड स्लैम जीत, सेरेना चौथे दौर में

Advertiesment
Australian Open
मेलबोर्न। विश्व के तीसरे नंबर के खिलाड़ी स्विट्‍जरलैंड के रोजर फेडरर ने बुल्गारिया के ग्रिगोर दिमित्रोव को शुक्रवार को हराकर अपनी 300वीं ग्रैंड स्लैम जीत हासिल की जबकि महिलाओं में गत चैंपियन अमेरिका की सेरेना विलियम्स ने अपना विजयी अभियान जारी रखते हुए ऑस्ट्रेलियन ओपन के चौथे दौर में स्थान बना लिया।
17 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता तथा खिताब के प्रबल दावेदार फेडरर ने दिमित्रोव की कड़ी चुनौती पर 6-4, 3-6, 6-1, 6-4 से काबू पाते हुए टूर्नामेंट के चौथे राउंड में स्थान पक्का कर लिया। चार बार के ऑस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन फेडरर की यह 300वीं ग्रैंड स्लैम जीत है। फेडरर का अगला मुकाबला बेल्जियम के युवा खिलाड़ी डेविड गोफिन से होगा।
 
रिकॉर्ड 80वीं बार मुख्य ड्रॉ में खेल रहीं गत चैंपियन सेरेना ने रूस की 18 वर्षीय डारिया कसात्किना को टेनिस का पाठ पढ़ाते हुए 6-1  6-1 से ध्वस्त कर दिया। उन्होंने मैच में 24 विनर्स लगाते हुए 44 मिनट में मैच को निपटा दिया। मेलबोर्न में सातवें और ओवरऑल 22वें ग्रैंड स्लैम खिताब की तलाश में लगी सेरेना का अगला मुकाबला रूस की मार्गरीटा गैस्परयान से होगा।
 
पूर्व चैंपियन रूस की मारिया शारापोवा ने तीन सेटों तक चले रोमांचक मुकाबले में अमेरिका की लॉरेन डेविस को 6-1, 6-7, 6-0 से हरा दिया। शारापोवा ने चिर-परिचित अंदाज में खेलते हुए डेविस को संभलने का मौका नहीं दिया और पहला सेट आसानी से अपने नाम कर लिया, लेकिन इसके बाद उन्हें टाइब्रेकर में गए दूसरे सेट को गंवाना पड़ा, जिसके बाद शारापोवा ने तीसरे सेट को एक भी गेम गंवाए बिना ही 6-0 से जीत अगले दौर में प्रवेश कर लिया। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi