Publish Date: Sat, 05 Dec 2015 (20:23 IST)
Updated Date: Sat, 05 Dec 2015 (20:26 IST)
रायपुर। सेड्रिक चार्लियर के एकमात्र गोल के दम पर बेल्जियम ने मेजबान भारत को बड़ा झटका देते हुए एफआईएच वर्ल्ड हॉकी लीग फाइनल्स के सेमीफाइनल मुकाबले में 1-0 से हरा दिया और खिताबी मुकाबले में जगह बना ली। फाइनल में बेल्जियम का सामना विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से होगा।
क्वार्टरफाइनल मुकाबले में ब्रिटेन को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली ‘सरदार सेना’ से जिस तरह की उम्मीद की जा रही थी, वैसा प्रदर्शन टीम नहीं कर सकी। भारतीय टीम पूरे मैच में एक गोल करने में भी कामयाब नहीं हुई और अंत में 0-1 से मैच हार गई।
भारत का पूल चरण में भी प्रदर्शन निराशाजनक रहा था जहां उसने दो मैच हारे थे और ओलंपिक चैंपियन जर्मनी के साथ ड्रा खेला था।
मैच के पांचवे मिनट में बेल्जियम के सेड्रिक चार्लियर ने जेरोम टुयेन्स के पास पर रिवर्स हिट लगाकर गोल दाग दिया। भारतीय टीम के गोलकीपर पी आर श्रीजेश के पैरों के नीचे से गेंद निकलकर सीधे गोल में गई और बेल्जियम ने 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। (वार्ता)