Publish Date: Sat, 03 May 2025 (12:26 IST)
Updated Date: Sat, 03 May 2025 (12:29 IST)
(Credit : X/Nitish Kumar)
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने शुक्रवार को नालंदा (Nalanda) जिले के राजगीर में एक विश्वविद्यालय में नवनिर्मित खेल सुविधाओं का उद्घाटन किया और खेलो इंडिया युवा खेलों 2025 (Khelo India Youth Games 2025) की तैयारियों की समीक्षा की। राजगीर स्पोर्ट्स अकादमी कम खेल विश्वविद्यालय में नई सुविधाओं में इनडोर बास्केटबॉल, हैंडबॉल और वॉलीबॉल कोर्ट शामिल हैं। फिर मुख्यमंत्री ने पहले से तैयार बास्केटबॉल, हैंडबॉल, वॉलीबॉल कोर्ट और हॉकी अभ्यास टर्फ का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) द्वारा जारी एक बयान में कहा गया, उन्होंने वहां खिलाड़ियों से बातचीत भी की। उन्होंने अकादमी में लड़कों और लड़कियों के छात्रावासों में दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
फिर नीतीश ने बिहार में आयोजित होने वाले खेलो इंडिया युवा खेलों 2025 की तैयारियों की समीक्षा की।
खेलो इंडिया युवा खेलों का सातवां चरण चार से 15 मई के बीच राज्य के पांच स्थानों - पटना, राजगीर (नालंदा), गया, भागलपुर और बेगूसराय में आयोजित किया जाएगा।
बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि खेलो इंडिया युवा खेल ठीक से आयोजित किए जाएं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार मई को खेलो इंडिया युवा खेलों 2025 का वर्चुअलउद्घाटन करने वाले हैं। इस मौके पर कुमार, खेल मंत्री मनसुख मंडाविया और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे। (भाषा)
WD Sports Desk
Publish Date: Sat, 03 May 2025 (12:26 IST)
Updated Date: Sat, 03 May 2025 (12:29 IST)