Publish Date: Fri, 06 Nov 2015 (00:21 IST)
Updated Date: Fri, 06 Nov 2015 (00:25 IST)
डबलिन। अपने पहले पेशेवर मुकाबले में तीन राउंड में ही सोनी व्हीटिंग को परास्त करने के बाद भारतीय पेशेवर मुक्केबाज विजेन्दर सिंह शनिवार को डबलिन में इंग्लैंड के डीन गिलेन को भी धोने को तैयार हैं।
हरियाणा के विजेन्दर डबलिन के नेशनल स्टेडियम में शनिवार को नॉटिंघम के पेशेवर मुक्केबाज गिलेन का सामना मिडलवेट वर्ग में चार राउंड के मुकाबले में करेंगे जो उनका दूसरा प्रो मुकाबला होगा। विजेंदर के प्रतिद्वंद्वी ने अभी तक अपने दोनों मुकाबले जीते हैं। विजेन्दर गुरुवार को अपने भारतीय प्रमोटर नीरव तोमर और ट्रेनर ली बेयर्ड के साथ आयरलैंड पहुंच गए।
वर्ष 2008 के ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक अपने नाम करने वाले 30 वर्षीय विजेन्दर ने अपने पहले मुकाबले में सोनी व्हीटिंग को जबर्दस्त टक्कर दी थी और गत महीने मैनचेस्टर में हुए इस मुकाबले में तीन राउंड में ही उनकी चुनौती समाप्त कर दी थी। अब विजेन्दर की नज़रें अपने दूसरे मैच को जीतने पर लगी हुई हैं।
विजेन्दर ने कहा, मैं डबलिन आकर बेहद आनंद ले रहा हूं और यह शहर भी बहुत खूबसूरत है। मुझे शनिवार रात का बेसब्री से इंतजार है जहां दर्शकों को एक रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। मैं यहां वर्ष 2012 में लंदन ओलंपिक के बाद भी यहां आया था और मैंने आयरलैंड की एमेच्योर बॉक्सिंग टीम के साथ ट्रेनिंग की थी। अब यहां दोबारा आकर बहुत अच्छा लग रहा है। (वार्ता)