Publish Date: Sun, 08 Nov 2015 (16:55 IST)
Updated Date: Sun, 08 Nov 2015 (17:01 IST)
डबलिन। भारत के सुपरस्टार मुक्केबाज विजेन्दर सिंह ने अपने दूसरे प्रो मुकाबले में जबरदस्त पंच लगाते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी डीन गिलेन को पहले ही राउंड में गिराकर नॉकआउट कर दिया।
ओलंपिक पदक विजेता विजेन्दर ने 3 मिनट के पहले राउंड में गिलेन को इस कदर पीटा कि वे दो बार रिंग में ही गिर गए। दूसरी बार गिरने के बाद गिलेन उठ नहीं सके और विजेन्दर को विजेता घोषित कर दिया गया। विजेन्दर ने अपना पहला प्रो मुकाबला सोनी विटिंग को 3 राउंड में हराकर जीता था लेकिन यहां जीतने में उन्हें 3 मिनट से भी कम का समय लगा।
विजेन्दर ने ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच रिंग में प्रवेश किया और शुरुआत से ही गिलेन पर प्रहार करने शुरू कर दिए। दूसरे मिनट में ही विजेन्दर का सीधा पंच गिलेन के चेहरे से टकराया और वे गिर पड़े। इसके बाद तो विजेन्दर ने ताबड़तोड़ प्रहार करते हुए गिलेन को रस्सियों पर धकेल दिया।
गिलेन अब पूरी तरह रक्षात्मक नजर आ रहे थे कि इसी बीच विजेन्दर के एक जोरदार प्रहार ने गिलेन को फिर नीचे गिरा दिया। रेफरी ने 10 तक काउंट किया लेकिन गिलेन उठने की स्थिति में नहीं थे। विजेन्दर ने विजेता बनने की खुशी में अपने दोनों हाथ उठा लिए।
गिलेन ने अपने पहले दोनों प्रो मुकाबले जीते थे लेकिन भारतीय मुक्केबाज के दमदार प्रहारों ने गिलेन को जमीन सुंघा दी और विजेन्दर ने इस तरह अपना दूसरा प्रो मुकाबला जीत लिया। (वार्ता)