Publish Date: Sat, 19 Dec 2015 (23:03 IST)
Updated Date: Sat, 19 Dec 2015 (23:41 IST)
मैनचेस्टर। भारत के विजेंदर सिंह ने प्रो मुक्केबाजी में अपना धमाकेदार प्रदर्शन जारी रखते हुए समेत यूसीनोव को दूसरे राउंड में 35 सेकंड में ही धूल चटाते हुए अपने प्रो करियर की जीत की हैट्रिक पूरी कर ली।
विजेंदर और यूसीनोव के बीच यह छह राउंड का मुकाबला था लेकिन रैफरी को दूसरे राउंड के 35वें सेकंड में ही इसे रोकने के लिए मजबूर होना पड़ा। इन 35 सेकंड में विजेंदर ने यूसीनोव की इस कदर पिटाई की कि वह रिंग के एक कोने में खुद को बचाता ही रह गया।
ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज विजेंदर ने अपने पहले मुकाबले में सोनी विटिंग को हराया था, जबकि दूसरे मुकाबले में डीन गिलेन को पहले ही राउंड में जमीन सुंघा दी थी। तीस वर्षीय विजेंदर का तीसरा मुकाबला यूसीनोव के साथ था, जो अपने 14 मुकाबलों में से सात जीत चुके थे लेकिन भारतीय मुक्केबाज के सामने यूसीनोव मेमने जैसे ही हालत में ही दिखाई दिए।
पहले राउंड में विजेंदर ने 29 वर्षीय यूसीनोव को दाएं हाथ के जोरदार प्रहारों से बैकफुट पर ला दिया था। दूसरा राउंड शुरू होते ही विजेंदर जैसे भूखे शेर की तरह यूसीनोव पर टूट पड़े और जबरदस्त पंचों की जोरदार बौछार से उन्होंने यूसीनोव को कोने में दबा दिया।
यूसीनोव अपने दस्तानों से चेहरा ढंककर खुद को बचाने की कोशिश कर रहे थे और रैफरी ने मुकाबला रोककर उन्हें और पीटने से बचा लिया। मुकाबला यहीं समाप्त हो गया और विजेंदर को विजेता घोषित किया गया। (वार्ता)