Publish Date: Wed, 16 Dec 2015 (22:46 IST)
Updated Date: Wed, 16 Dec 2015 (22:53 IST)
कोलकाता। गत चैम्पियन एटलेटिको डि कोलकाता के खिलाफ सेमीफाइनल का दूसरा चरण 1-2 से गंवाने के बावजूद चेन्नईयिन एफसी ने कुल 4-2 के स्कोर के साथ इंडियन सुपर लीग फुटबाल टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बनाई।
पुणे में 12 दिसंबर को चेन्नईयिन ने सेमीफाइनल के पहले चरण में एटीके को 3-0 से हराया था। अब टीम खिताबी मुकाबले में 20 दिसंबर को मडगांव में एफसी गोवा से भिड़ेगी।
पहले चरण के बाद तीन गोल से पिछड़े एटीके ने आज अच्छी शुरुआत की और 22वें मिनट में डेजान लेकिच के गोल की मदद से बढ़त बनाई जिन्होंने चेन्नईयिन के डिफेंडर बर्नार्ड मेंडी की गलती का पूरा फायदा उठाया। मध्यांतर तक एटीके की टीम 1-0 से आगे रही।
दूसरे हाफ में 87वें मिनट में साल्ट लेक स्टेडियम में मौजूद एटीके के 68340 दर्शक उस समय खुशी से झूम उठे जब लेकिच के क्रास पर इयान ह्यूम ने गोल दागकर एटीके को 2-0 से आगे कर दिया।
चेन्नईयिन की ओर से खेल रहे एटीके के पूर्व फारवर्ड फिकरू टेफेरा इसके बाद स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में उतरे और उन्होंने इंजरी टाइम के दूसरे मिनट में गोल दागकर चेन्नईयिन एफसी की कुल स्कोर के आधार पर जीत सुनिश्चित की। (भाषा)