Publish Date: Fri, 30 Oct 2015 (10:42 IST)
Updated Date: Fri, 30 Oct 2015 (16:26 IST)
लॉस एंजिल्स। पूर्व फुटबॉल स्टार डेविड बेकहम ने एक बार फिर नया टैटू बनवाया है और इस बार उनके इस टैटू का डिजाइन उनकी बेटी हार्पर ने डिजाइन किया है। एसशोबिज की खबर के अनुसार, 40 वर्षीय बेकहम ने अपनी हथेली पर बनवाए गए टैटू की तस्वीर पोस्ट की, जिसमें एक मुस्कुराती बच्ची जैसी आकृति के साथ में एक छोटा सा दिल भी बना है।
उन्होंने तस्वीर के कैप्शन में लिखा, ‘हार्पर को अपने पिता पर लिखने की अनुमति है।’ उनकी पत्नी विक्टोरिया ने इंस्टाग्राम पेज पर लिखा, ‘हार्पर वास्तव में एक छोटी सी कलाकार है।’
मैनचेस्टर यूनाइटेड के पूर्व स्टार ने उसी दिन अपने बेटों ब्रुकलिन बेकहम (16), रोमियो बेकहम (13) और क्रूज (10) से प्रेरित एक अन्य टैटू भी बनवाया। उन्होंने लिखा, ‘बेटे बता रहे हैं कि वे पिता के बारे में कैसा महसूस करते हैं।’ (भाषा)