Publish Date: Sun, 14 Feb 2016 (18:52 IST)
Updated Date: Sun, 14 Feb 2016 (18:57 IST)
पेरिस। ब्राजील के सेंटर बैक डेविड लुईस इस साल रियो डि जेनेरियो में होने वाले ओलंपिक खेलों में अपनी राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं। ओलंपिक में फुटबॉल प्रतियोगिता में अंडर-23 खिलाड़ी भाग लेते हैं और इससे अधिक उम्र के केवल 3 खिलाड़ियों को ही इसमें भाग लेने की अनुमति दी जाती है।
पेरिस सेंट जर्मेन के इस 28 वर्षीय फुटबॉलर ने कहा कि यदि ब्राजील मुझ जैसे उम्रदराज खिलाड़ी को टीम में रखना चाहता है तो फिर मैं 23 साल से अधिक उम्र के उन खिलाड़ियों में अपना नाम देखना चाहता हूं। मुझे टीम की मदद करने में खुशी होगी।
लुईस ने स्वीकार किया कि रीयाल मैड्रिड और बार्सिलोना महाद्वीपीय चैंपियनशिप के लिए दावेदार माने जाते हैं लेकिन अब समय आ गया है जबकि पेरिस सेंट जर्मेन जैसी टीमों को यूएफा चैंपियंस लीग में अपनी जीवंत उपस्थिति दर्ज करानी होगी।
उन्होंने कहा कि बार्सिलोना और रीयाल मैड्रिड हमेशा दावेदार माने जाते रहे हैं। वे पिछले 30-40 वर्षों से सफल रहे हैं। वे हमेशा चैंपियनशिप के लिए खेलते है। अब समय आ गया है कि पीएसजी जैसे क्लब भी ऐसा करें। पहला मैच हमेशा महत्वपूर्ण होता है और वह भी चेल्सी के खिलाफ खेलना। (भाषा)