Biodata Maker

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

प्रो रेसलिंग में सम्‍मान बचाने उतरेगी 'दिल्‍ली वीर'

Advertiesment
Pro Wrestling League
बेंगलुरु। दिल्ली वीर और बेंगलुरु योद्धा की टीमों के बीच बुधवार को मुकाबले के साथ ही प्रो रेसलिंग लीग का सफर बेंगलुरु में शुरू हो जाएगा। इस मुक़ाबले में दिल्ली की टीम सम्मान बचाने की लड़ाई के लिए उतरेगी, जबकि बेंगलुरु योद्धा की कोशिश लीग तालिका में अपनी स्थिति को और मज़बूत करने की होगी।
 
देश को ओलंपिक कोटा दिला चुके और विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता नरसिंह यादव की अगुवाई वाली बेंगलुरु की टीम चार में से दो मुकाबले जीतकर पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। 
 
दूसरी तरफ दिल्ली को अपने कुछ नामी पहलवानों के न आने का खामियाजा भुगतना पड़ा है और वह अब तक अपने चारों मुकाबले गंवा चुकी है। दिल्ली वीर को सोमवार को दिल्ली में मुंबई गरुण ने 5-2 से पराजित किया था।
 
इस मुक़ाबले में पुरुषों के 65 किग्रा वर्ग में दिल्ली टीम के उज्बेकिस्तानी पहलवान नवरुज़ोव इख्तियोर और बेंगलुरु के बजरंग पूनिया के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिल सकता है। योगेश्वर दत्त के बाद अमित धनखड़ से भी हारने के बाद विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता नवरुज़ोव के लिए बजरंग की चुनौती आसान नहीं होगी। 
 
इसी तरह महिलाओं में अपने चारों मुकाबले जीत चुकीं दिल्ली वीर की आइकन खिलाड़ी विनेश फोगाट को अमेरिका की एलिशा लैम्पे से लीग में पहली बार कड़ी चुनौती मिल सकती है। एलिशा ने पिछले मुकाबले में याना रैटिगन को 24-14 से हराकर सबका दिल जीत लिया था। अंकों के लिहाज़ से 38 अंकों के साथ लीग का यह सबसे बड़ा मुकाबला बन गया था।
 
53 किग्रा वर्ग में यूरोपीय अंडर-23 चैंपियन यूक्रेन की लिलिया होरिशिदा जहां बेंगलुरु की ललिता सहरावत से मज़बूत लग रही हैं, वहीं 58 किग्रा में विश्व चैम्पियनशिप की कांस्य पदक विजेता तुर्की की येसिलमेक एलिफ जाले और यूलिया रत्केविच के बीच भी रोमांचक संघर्ष देखने को मिल सकता है। 
 
यूलिया विश्व चैम्पियन ओक्साना हरहेल को हराकर उलटफेर कर चुकी हैं। अब तक अपने तीन मुकाबले हार चुकीं निक्की और बेंगलुरु की नवजोत कौर के बीच भी कांटे की लड़ाई देखने को मिल सकती है।
 
दिल्ली के कोच सुजीत मान का कहना है कि अब उनके लिए सम्मान की लड़ाई ही बची है। अगर खिलाड़ी फिट रहे तो वे इसे जीत भी सकते हैं, वहीं बेंगलुरु टीम के सलाहकार कुलदीप का कहना है कि उनकी टीम पिछले मैच की जीत के सिलसिले को बनाए रखने के इरादे से उतरेगी। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi