Publish Date: Thu, 19 Nov 2015 (21:53 IST)
Updated Date: Thu, 19 Nov 2015 (21:56 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली डायनामोज अपने घरेलू मैदान जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में जबर्दस्त प्रदर्शन करते हुए एफसी पुणे सिटी को गुरुवार को एकतरफा अंदाज में 3-1 से पीट कर इंडियम सुपर लीग (आईएसएल) फुटबॉल टूर्नामेंट की अंक तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई।
दिल्ली ने आधे समय तक 2-0 की बढ़त बनाकर पुणे का संघर्ष एक तरह से समाप्त कर दिया था। मुकाबला पूरी तरह एकतरफा रहा और पुणे का एकमात्र गोल इंजरी समय में हुआ। दिल्ली ने दूसरे सत्र में दस मैचों में यह पांचवीं जीत हासिल की और उसके शीर्ष पर चल रही गोवा टीम के बराबर 18 अंक हो गए लेकिन गोल औसत में गोवा की टीम पहले और दिल्ली दूसरे स्थान पर है। पुणे को 11 मैचों में चौथी हार का सामना करना पड़ा और वह तालिका में चौथे स्थान पर खिसक गई।
दिल्ली डायनामोज ने अपने पिछले तीन मुकाबले 1-1 से ड्रा खेले थे लेकिन इस मुकाबले में उसने बेहतर प्रदर्शन कर जीत अपने नाम की। इंग्लैंड के फारवर्ड आदिल नबी ने 35वें मिनट में दिल्ली को बढ़त दिला दी। नबी ने फलोरेंट मालोदा के पास पर दिल्ली का पहला गोल दागा।
पहले गोल से जोश में आए दिल्ली के खिलाड़ियों ने 40वें मिनट में अपनी बढ़त 2-0 कर ली। मालोदा के बेहतरीन कार्नर पर भारतीय डिफेंडर एन एस एडाथोडिका ने शानदार हैडर लगाकर गोल कर दिया। मैच के 87वें मिनट में दिल्ली को पेनल्टी मिली और इस पर नार्वे के डिफेंडर जॉन आर्ने रीसे ने दिल्ली का तीसरा गोल दाग दिया।
पुणे को मैच के इंजरी समय में सांत्वना भरा गोल मिला जब एडरियन मुतू ने 24 मिनट की दूरी से फ्री किक पर शानदार गोल जड़ा। (वार्ता)
webdunia
Publish Date: Thu, 19 Nov 2015 (21:53 IST)
Updated Date: Thu, 19 Nov 2015 (21:56 IST)