Publish Date: Thu, 29 Oct 2015 (13:11 IST)
Updated Date: Thu, 29 Oct 2015 (14:36 IST)
पेरिस। यूरोपीय फुटबॉल प्रमुख माइकल प्लातिनी ने कहा कि वह विवादों से घिरे फीफा की अध्यक्षता के लिए सर्वश्रेष्ठ विकल्प हैं हालांकि फिलहाल वह खेल से निलंबित हैं। फ्रांस के महान फुटबॉलर प्लातिनी फीफा अध्यक्ष पद के सात दावेदारों में से एक हैं।
उनका मानना है कि बतौर खिलाड़ी, कोच और प्रशासक उनका अनुभव उन्हें बाकी छह प्रतिद्वंद्वियों से मीलों आगे रखता है। साठ बरस के प्लातिनी ने कहा, ‘मैं विश्व फुटबॉल की अगुआई के लिए सर्वश्रेष्ठ विकल्प हूं। मैं ही अकेला ऐसा उम्मीदवार हूं जिसका फुटबॉल के लिए व्यापक नजरिया है।’ फीफा अध्यक्ष सेप ब्लाटर द्वारा 2011 में प्लातिनी को किए गए 18 लाख यूरो के विवादित भुगतान की जांच होने तक दोनों 90 दिन का निलंबन झेल रहे हैं।
प्लातिनी ने कहा, ‘मैं फ्रांस टीम का सदस्य और कोच रह चुका हूं जबकि नैंसी क्लब का अधिकारी रहा हूं और आज यूएफा का अध्यक्ष हूं और मैंने अपने काम को पूरी ईमानदारी से अंजाम दिया है।’ प्लातिनी का सामना प्रिंस अली बिन अल हुसैन, मूसा बिलिटी, जेरोम शैंपेन, जियानी इंफांटिनो, शेख सलमान बिन इब्राहिम अल खलीफा और तोक्सा सेक्सवाले से होगा। (भाषा)