Publish Date: Mon, 06 Nov 2017 (14:43 IST)
Updated Date: Mon, 06 Nov 2017 (14:46 IST)
मॉस्को। रूस ने कहा है कि अगले साल फुटबॉल विश्व कप की मेजबानी के दौरान वह आतंकी हमले के खतरे से निपटने के लिए असाधारण कदम उठाएगा, क्योंकि सीरिया में उसके सैन्य अभियान ने देश को जिहादियों का मुख्य निशाना बना दिया है।
सेंट पीटर्सबर्ग में अप्रैल में मेट्रो में बम धमाके में 15 लोगों की मौत हो गई थी, जो हाल के समय में रूस की सरजमीं पर सबसे बड़े हाईप्रोफाइल आतंकी हमलों में से एक है। अगस्त में साइबेरिया में 7 लोगों को चाकू घोंपकर मारने के बाद इस तरह के और हमलों का डर बढ़ गया है। दावा किया जा रहा था कि यह हमला इस्लामिक स्टेट समूह ने किया है।
रूस के एक स्वतंत्र सुरक्षा विशेषज्ञ एलेक्सांद्र गोल्ट्स ने कहा कि रूस में 14 जून से 15 जुलाई 2018 तक चलने वाले विश्व कप के दौरान हमले का खतरा वास्तविक है। पिछले 20 वर्षों और चेचन्या में 2 युद्धों के दौरान रूस ने कई आतंकी हमलों का सामना किया है लेकिन राष्ट्रपति बशर अल असाद की सत्ता के समर्थन में सितंबर में सीरिया में मॉस्को के सैन्य हस्तक्षेप के बाद से देश आईएस का मुख्य निशाना बन गया है। (भाषा)