Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

मेराडोना को 'महान' बनाने वाले लाइंसमैन का निधन

Advertiesment
हमें फॉलो करें मेराडोना को 'महान' बनाने वाले लाइंसमैन का निधन
, शुक्रवार, 2 जून 2017 (21:04 IST)
सोफिया। अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर डिएगो मेराडोना के 'हैंड ऑफ गॉड' गोल को नज़रअंदाज करने का आरोप झेलने वाले बुल्गारिया के लाइंसमैन बोगदान दोचेव का निधन हो गया है। वे 80 वर्ष के थे।
        
बुल्गारिया के दोचेव 1986 के विश्वकप में इंग्लैंड और अर्जेंटीना के बीच क्वार्टर फाइनल के दौरान लाइंसमैन की भूमिका निभा रहे थे। इस मैच को अर्जेंटीना ने 2-1 से जीता था। अर्जेंटीना ने आगे चलकर विश्व खिताब पर भी कब्जा किया था। मेराडोना ने इस मुकाबले में पहला गोल जिस अंदाज में किया, उसे फिर हैंड ऑफ गॉड गोल का नाम दिया गया।
        
मेराडोना का दूसरा गोल बेहतरीन था जिसे आज भी इतिहास के सर्वश्रेष्ठ गोलों में शुमार किया जाता है। मेराडोना ने दूसरे गोल में हॉफ लाइन से गेंद संभालने के बाद पांच डिफेंडरों और गोलकीपर को छकाकर गोल किया था। मेराडोना का पहला गोल उनके दूसरे गोल जितना ही चर्चित रहा। लेकिन इसके घेरे में आ गए बुल्गारिया के लाइंसमैन दोचेव जिन पर आरोप लगाया गया कि उन्होंने मेराडोना के हैंड ऑफ गॉड गोल को नज़रअंदाज कर दिया जबकि उन्हें मालूम था कि दिग्गज अर्जेंटीनी फारवर्ड ने हाथ का सहारा लेकर यह गोल किया था।
           
दोचेव का इस सप्ताह बुल्गारिया में निधन हुआ। उन्होंने तीन वर्ष पहले एक साक्षात्कार में पुष्टि की थी कि जब मेराडोना और इंग्लैंड के गोलकीपर पीटर शिल्टन गेंद को संभालने के लिए  हवा में उछले थे तो तभी मेराडोना ने हाथ के सहारे से गोल कर दिया। लेकिन उस समय फीफा के नियम ऐसे थे कि लाइंसमैन खुद अपना फैसला नहीं दे सकता था। यदि रैफरी उससे कुछ पूछते तभी वह कुछ कह सकता था।
          
उन्होंने साक्षात्कार में कहा था रैफरी ने मेरी तरफ देखे बिना ही गोल मंजूर कर लिया था। हमारे बीच कोई बातचीत नहीं हुई थी। उस मैच में मैच रैफरी ट्यूनीशिया के अली बिन नासिर सिर्फ अपनी भाषा जानते थे। यदि नासिर मुझसे कुछ पूछते तभी मैं कुछ कह सकता था।
          
दोचेव ने कहा यदि फीफा ने यूरोप से किसी रैफरी को ऐसे महत्वपूर्ण मैच में लगाया होता तो वह मेराडोना का पहला गोल अमान्य करार दे दिया गया होता। लेकिन बिन नासिर का इसके विपरीत विचार था। उन्होंने कहा, मैं दोचेव के संकेत का इंतजार कर रहा था कि वास्तव में क्या हुआ था। लेकिन उन्होंने हैंडबॉल का कोई संकेत नहीं दिया।
                
बिन नासिर ने कहा, फीफा के हमें स्पष्ट निर्देश थे यदि मेरा सहयोगी बेहतर जगह पर हो और वह एक्शन को सही देख पा रहा हो तो मुझे उसके निर्णय का सम्मान करना चाहिए। बुल्गारिया की तरफ से खिलाड़ी के रूप में दो बार खेल चुके दोचेव ने मेराडोना पर उनका रैफरी करियर और उनका जीवन बर्बाद करने का भी आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था मेराडोना ने मेरा जीवन बर्बाद कर दिया। वे शानदार फुटबॉलर हैं लेकिन बहुत छोटे आदमी हैं। वे कद में जितने छोटे हैं उतने ही व्यक्तित्‍व में भी छोटे हैं।
                
दोचेव 1970 और 1980 के दशक में बुल्गारिया के शीर्ष रैफरी थे। उन्होंने 1982 के विश्वकप में भी संचालन किया था। यदि मेराडोना का 1986 का हैंड ऑफ गॉड गोल अमान्य करार दिया होता तो मेराडोना का इतिहास में शायद वो नाम नहीं होता जो आज है। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

साइना और प्रणीत 'थाईलैंड ओपन' के सेमीफाइनल में