Publish Date: Sun, 11 Nov 2018 (17:08 IST)
Updated Date: Sun, 11 Nov 2018 (17:21 IST)
इंदौर। अपने परिवार की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मध्यप्रदेश के गौरव आर्य अपने नाम के आगे एक और उपलब्धि चस्पा कर ली है। उन्हें भारतीय जूनियर कुश्ती टीम का कोच नियुक्त किया गया है। भारतीय कुश्ती टीम 13 से 18 नवंबर तक बुखारेस्ट, रोमानिया में आयोजित विश्व जूनियर कुश्ती प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी।
गौरव आर्य इस वक्त भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के अंतर्गत कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र बिंदा गुरु व्यायामशाला में पदस्थ हैं। गौरव को भारतीय जूनियर कुश्ती टीम का कोच बनने पर एडीजी मदन राणे, मध्यप्रदेश कुश्ती संघ के सचिव पप्पू यादव, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश खत्री, महेश पाल उस्ताद, नीम्बू पहलवान, राजेश मालवीय, रवि सनोटिया, डॉ. सुरेन्द्र दिल्लीवाल, गोपाल बोरासी, चंपालाल आर्य, अशोक आर्य, बलभीम व्यायामशाला के समस्त पहलवानों ने बधाई दी है।
सनद रहे कि गौरव के पिता भी भारतीय कुश्ती टीम के कोच रह चुके हैं और उन्हें कुश्ती में विक्रम अवॉर्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है। इंदौर में आर्य परिवार ऐसा पहला परिवार है, जहां से भारतीय कुश्ती टीम को 2 कोच मिले हैं। गौरव ने उम्मीद जताई है कि बुखारेस्ट में आयोजित विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय पहलवान पदक जीतकर देश का नाम रोशन करेंगे।