Publish Date: Wed, 02 Dec 2015 (16:57 IST)
Updated Date: Wed, 02 Dec 2015 (17:05 IST)
न्यूयॉर्क। विश्व के पूर्व नंबर एक गोल्फर टाइगर वुड्स काफी समय से गोल्फ कोर्स से बाहर हैं और पीठ की सर्जरी के बाद फिटनेस हासिल करने के प्रयास में जुटे वुड्स ने कहा है कि वे खुद भी अपनी वापसी को लेकर आश्वस्त नहीं हैं।
बहामास के एल्बानी गोल्फ क्ल्ब में हीरो वर्ल्ड चैलेंज के दौरान मौजूद वुड्स ने कहा कि वे खुद इस बात से परेशान हैं कि वे अपनी वापसी को लेकर कुछ सुनिश्चित नहीं कर पा रहे हैं। इस वर्ष सितंबर और अक्टूबर में पीठ की लगातार 2 सर्जरी से गुजर चुके वुड्स ने वर्ष 2016 में वापसी को लेकर पूछे जाने पर कहा कि मुझे नहीं पता, क्योंकि मैं सचमुच ही नहीं जानता।
पूर्व नंबर एक गोल्फर ने कहा कि मेरे पास रिकवरी का कोई टाइम टेबल नहीं है और यह मेरे लिए सबसे निराश करने वाला है। मुझे नहीं पता कि इस सुरंग में मुझे कहां जाकर रोशनी मिलेगी। मैं नहीं जानता इसलिए मेरे लिए भी स्थितियां काफी खराब हैं।
अपनी निजी जिंदगी में काफी खराब दौर से गुजर रहे वुड्स पिछले लंबे समय से ही खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं और वर्षों तक नंबर एक गोल्फर बने रहने के बाद अपना शीर्ष ताज भी गंवा चुके हैं।
वुड्स ने कहा कि मैंने अपने सर्जन से बात की है और अपने फिजियो की भी बात मान रहा हूं। मैं दिन- प्रतिदिन खुद को बेहतर करने का प्रयास कर रहा हूं और उम्मीद है कि जल्द ही सकारात्मक परिणाम सामने आएगा। मैं लगातार 2 सर्जरियों से गुजरा हूं और यह एक लंबी प्रक्रिया होती है। (वार्ता)