Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

भारत की मलेशिया पर 5-4 से रोमांचक जीत

Advertiesment
India Malaysia hockey tournament
कुआनतान (मलेशिया)। हरमनप्रीत सिंह और मंदीप सिंह के दो-दो गोलों की बदौलत भारतीय टीम ने आठवें जूनियर हॉकी एशिया कप टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए रविवार को बेहद रोमांचक मुकाबले में मेजबान मलेशिया को ग्रुप-ए में 5-4 से पराजित कर दिया। 
 
मलेशिया में पांचवें सुल्तान जोहोर कप में उपविजेता रही भारतीय टीम ने अपने पहले मुकाबले में जापान 2-1 से हराया था। भारत ने दूसरे मुकाबले में आधे समय तक 1-2 से पिछड़ने के बाद दूसरे हॉफ में जबरदस्त वापसी करते हुए 21 मिनट के अंतराल में चार गोल दागकर मेजबान टीम की कड़ी चुनौती पर 5-4 से काबू पाकर टूर्नामेंट में अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
 
मुकाबले में मलेशिया ने शाहरिल सबाह के पहले मिनट के गोल से बढ़त बनाई  लेकिन मंदीप ने 10 वें मिनट में भारत को 1-1 की बराबरी पर ला दिया। शाहरिल ने 20 वें मिनट में मलेशिया को 2-1 से आगे कर दिया। दूसरे हॉफ में 40वें मिनट में गुरजंत सिंह ने मैदानी गोल कर भारत को 2-2 की बराबरी दिला दी।
 
पिछले मैच में जापान के खिलाफ दो गोल दागने वाले ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत ने 46 वें और 56 वें मिनट में पेनल्टी कार्नर पर दो गोल कर भारत को 4-2 से आगे कर दिया। मंदीप ने 61 वें मिनट में अपना दूसरा और भारत का पांचवां गोल दागकर स्कोर 5-2 कर दिया।
 
मेजबान मलेशिया ने तीन गोल से पिछड़ने के बाद हौसला नहीं छोड़ा और इस्मत सूफी रोहुल्लामिन ने 62वें मिनट में गोल कर स्कोर 3-5 कर दिया जबकि शाहरिल ने 66वें मिनट में मैच का अपना तीसरा और मलेशिया का चौथा गोल कर स्कोर 4-5 कर दिया। मैच अब बेहद रोमांचक हो चला था लेकिन भारतीय टीम ने अंतिम चार मिनटों में अपनी एक गोल की बढ़त बनाए रखते हुए जीत अपने नाम कर ली।
 
इससे पहले पूल-ए के एक अन्य मैच में जापान ने चीन को 2-1 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की जबकि पूल बी में पाकिस्तान ने कोरिया को 3-0 से और बंगलादेश ने ओमान को 5-4 से हराया।
 
टूर्नामेंट में सोमवार को विश्राम का दिन रहने के बाद मंगलवार को भारत का अंतिम ग्रुप मुकाबला चीन से होगा। (वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi