Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

जूनियर हॉकी विश्वकप में भारत ने दर्ज की बड़ी जीत, कनाडा को 13-1 से हराया

हमें फॉलो करें जूनियर हॉकी विश्वकप में भारत ने दर्ज की बड़ी जीत, कनाडा को 13-1 से हराया
, शुक्रवार, 26 नवंबर 2021 (11:59 IST)
भुवनेश्वर: गत चैंपियन भारत ने कल फ़्रांस से मिली हार के झटके से उबरते हुए कनाडा को यहां कलिंगा स्टेडियम में खेले गए जूनियर विश्व कप हॉकी टूर्नामेंट के पूल बी मैच में गुरूवार को 13-1 के बड़े अंतर से पीट दिया।

भारत की दो मैचों में यह पहली जीत है। उसे कल फ़्रांस से 4-5 से नजदीकी हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन उस हार का सारा गुस्सा भारतीय खिलाड़ियों ने कनाडा पर निकाल दिया। भारत ने पहले हाफ में चार गोल और दूसरे हाफ में नौ गोल दागे। भारत की इस एकतरफा जीत में हुंदल अरिजीत सिंह ने तीन गोल दागे।

भारत ने मैच के तीसरे क्वार्टर तक 7-1 की मजबूत बढ़त बना ली थी। भारत ने उत्तम सिंह के तीसरे मिनट के गोल से बढ़त बना ली थी। कप्तान विवेक सागर प्रसाद ने आठवें मिनट में भारत की बढ़त को 2-0 पहुंचा दिया। संजय ने 17वें मिनट में मिले पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में तब्दील कर भारत को तीन गोल से आगे कर दिया। मनिंदर सिंह ने 27वें मिनट में भारत का चौथा गोल दागा। कनाडा का मैच का एकमात्र गोल 30वें मिनट में क्रिस्टोफर तारदीफ़ ने किया।

भारत ने तीसरे और चौथे क्वार्टर में बदली हुई रणनीति के साथ खेलते हुए कनाडा की रक्षापंक्ति को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। संजय ने 32वें मिनट में भारत का पांचवां, शारदानंद तिवारी ने 35वें मिनट में छठा,अरिजीत सिंह ने 40वें मिनट में सातवां और उत्तम सिंह ने 47वें मिनट में भारत का आठवां गोल दागा।
webdunia

अरिजीत ने 50वें और 51वें मिनट में लगातार दो गोल कर स्कोर 10-1 पहुंचा दिया। उत्तम सिंह ने 53वें मिनट में भारत का 11वां और अभिषेक लाकड़ा ने 55वें मिनट में 12वां गोल किया। संजय ने 59वें मिनट में भारत का 13वां गोल दागा। भारत इस जीत के बाद अपने ग्रुप की तालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। भारत को अपना आखिरी ग्रुप मुकाबला पोलैंड से 27 नवम्बर को खेलना है।

दिन के अन्य मैचों में फ़्रांस ने पोलैंड को 7-1 से पीटकर ग्रुप में अपना शीर्ष स्थान कायम रखा। फ़्रांस की जीत में कोरेन्टीन सेलियर ने तीन गोल दागे।

स्पेन ने पूल सी में अमेरिका को एकतरफा अंदाज में 17-0 के बड़े अंतर से पीट दिया। स्पेन की इस शानदार जीत में गेरार्ड क्लैप्स ने चार गोल और एडवर्ड डी इग्नेसियो सीमा ने तीन गोल दागे।(वार्ता)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

65 साल बाद किसी ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज को मिली टेस्ट की कप्तानी, कमिंस संभालेंगे कंगारुओं की कमान