Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

भारत राष्ट्रमंडल खेल 2030 की मेजबानी, 2026 में छोड़े गए खेलों के आयोजन का इच्छुक

Advertiesment
हमें फॉलो करें भारत राष्ट्रमंडल खेल 2030 की मेजबानी, 2026 में छोड़े गए खेलों के आयोजन का इच्छुक

WD Sports Desk

, शुक्रवार, 21 फ़रवरी 2025 (17:00 IST)
भारत 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी का इच्छुक है और 2026 में ग्लास्गो खेलों से बाहर किये गए सभी खेलों का आयोजन भी यहां कराने के लिये तैयार है ताकि देश की पदक तालिका पर असर नहीं पड़े। खेल मंत्रालय के सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्र ने कहा ,‘‘ हम राष्ट्रमंडल खेल 2030 की मेजबानी के इच्छुक हैं और इस मसले पर राष्ट्रमंडल खेल महासंघ से औपचारिक बात हो चुकी है। हमने 2026 राष्ट्रमंडल खेलों से बाहर किये गए सभी खेलों का आयोजन भारत में कराने का भी अनौपचारिक प्रस्ताव रखा है।’’

राष्ट्रमंडल खेल 2030 की मेजबानी की इच्छा जताने का पत्र सौंपने की आखिरी तारीख 31 मार्च है और मंत्रालय सूत्रों ने कहा कि प्रक्रिया जल्दी ही पूरी की जायेगी।

भारत में एकमात्र राष्ट्रमंडल खेल दिल्ली में 2010 में आयोजित हुए थे।ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों से हॉकी, बैडमिंटन, कुश्ती, क्रिकेट और निशानेबाजी जैसे खेल बाहर किये जाने से भारत की पदक उम्मीदों को झटका लगा है। ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में बजट में कटौती के लिये सिर्फ दस खेल शामिल किये गए हैं।

सूत्र ने कहा ,‘‘ हमने यह प्रस्ताव इसलिये रखा है ताकि हमारे पदकों की संख्या पर असर नहीं पड़े। अनौपचारिक प्रस्ताव रखा जा चुका है और हमें जवाब का इंतजार है।’’

ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल 23 जुलाई से दो अगस्त तक आयोजित किये जायेंगे।हाल ही में भारत का दौरा करने वाली राष्ट्रमंडल खेल महासंघ की सीईओ कैटी सेडलेयर ने कहा था कि ओलंपिक 2036 की मेजबानी की भारत की आकांक्षाओं को 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी से बल मिलेगा।भारत 2036 ओलंपिक की मेजबानी का आशय पत्र पहले ही सौंप चुका है।

भारत ने बर्मिंघम में 2022 राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान भी तीरंदाजी और निशानेबाजी स्पर्धायें कराने का प्रस्ताव रखा था और सीजीएफ तथा बर्मिघम ने इसे मंजूरी भी दे दी थी लेकिन कोरोना महामारी के कारण ऐसा हो नहीं सका।ग्लास्गो ने लागत में कटौती के लिये टेबल टेनिस, स्क्वाश और ट्रायथलन को भी हटा दिया है । वहां सिर्फ चार स्थानों पर ही खेलों का आयोजन किया जायेगा।

ग्लास्गो खेलों में सिर्फ दस खेलों एथलेटिक्स, पैरा एथलेटिक्स (ट्रैक और फील्ड), तैराकी और पैरा तैराकी, लयबद्ध जिम्नास्टिक, ट्रैक साइकिलिंग, पैरा ट्रैक साइकिलिंग, नेटबॉल, भारोत्तोलन, पैरा पावरलिफ्टिंग, मुक्केबाजी, जूडो, बॉल और पैरा बॉल, तीन गुना तीन बास्केटबॉल और तीन गुना तीन व्हीलचेयर बास्केटबॉल को ही शामिल किया गया है।

ओलंपिक 2036 की मेजबानी की दावेदारी को लेकर सूत्र ने बताया ,‘‘ हमने आशय पत्र पिछले साल ही अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति को सौंप दिया है। हम आईओसी चुनाव का इंतजार कर रहे हैं जो अगले महीने होने हैं । ओलंपिक 2036 के मेजबान पर फैसला अगले साल मार्च से पहले नहीं आने वाला है। आईओसी चुनाव के बाद बात आगे बढेगी और हम पूरी तरह से तैयार हैं।’’(भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

Ranji Trophy से बाहर हुई गत विजेता मुंबई, विदर्भ पहुंची फाइनल में