Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

भारत ने पाकिस्तान को फिर पीटा, शान से फाइनल में

हमें फॉलो करें भारत ने पाकिस्तान को फिर पीटा, शान से फाइनल में
, शनिवार, 21 अक्टूबर 2017 (20:30 IST)
ढाका।  भारत ने दूसरे हाफ में तूफानी प्रदर्शन करते हुए मात्र छ: मिनट के अंतराल में तीन गोल दागते हुए चिर प्रतिद्वंद्वी पकिस्तान को शनिवार को सुपर 4 के मुकाबले में 4-0 से ध्वस्त कर एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में शान के साथ प्रवेश कर लिया।
 
भारत ने ग्रुप मैच में पाकिस्तान को 3-1 से हराया था और अब सुपर फॉर में पाकिस्तान को 4-0 से शिकस्त देकर अपराजित रहते हुए फाइनल में जगह बना ली। भारत का रविवार को होने वाले फाइनल में मलेशिया और गत चैंपियन कोरिया के बीच सुपर फोर के अन्य मुकाबले के विजेता से सामना होगा। भारत के लिए सतबीर सिंह ने 39वें, हरमनप्रीत सिंह ने 51वें, ललित उपाध्याय ने 52वें और गुरजंत सिंह ने 57वें मिनट में गोल दागे।

भारत और पाकिस्तान के बीच इस महत्वपूर्ण मुकाबले में बारिश के कारण विलम्ब हुआ। पहला हाफ गोलरहित रहने के बाद भारत ने इस गतिरोध को सतबीर के शानदार गोल से तोड़ा। आखिरी 10 मिनट में भारत ने मैदान पर गोलों की बरसात कर पाकिस्तान को धो डाला।
 
पाकिस्तान की टीम इस हार के साथ फाइनल की होड़ से बाहर हो गई। उसका सुपर 4 में मात्र एक अंक रहा जो उसने कोरिया से 1-1 का ड्रॉ खेल कर हासिल किया था पाकिस्तान की टीम अब तीसरे स्थान के लिए कोरिया और मलेशिया के बीच मैच हारने वाली टीम से रविवार को खेलेगी। 
 
दोनों टीमों के बीच पहला हाफ काफी संघर्षपूर्ण रहा और दोनों ही टीमों ने पेनल्टी कॉर्नर पर मौके गंवाए। पहले हाफ बिना किसी गोल के समाप्त हुआ। इस हाफ को देखकर लग रहा था कि पाकिस्तानी टीम भारत के सामने दूसरे हाफ में भी चुनौती पेश करेगी, लेकिन भारत का पहला गोल होने के बाद जैसे बांध टूट गया और इसमें पाकिस्तान बह गया।
 
मैच के 39 वें मिनट में सतबीर ने डी के अंदर से शानदार पास गोल की तरफ फेंका जिसे रोकने की कोशिश में पाकिस्तानी गोलकीपर गिर गए और गेंद उनसे टकराते हुए गोल में चली गयी। इस गोल ने भारत का हौसला बुलंद कर दिया और भारतीय फ़ारवर्डों ने पाकिस्तान को दबाव में ला दिया। 
 
भारत को 51 वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला और हरमनप्रीत का सटीक पुश गोलकीपर के दाएं तरफ से गोल में समा गया। भारत अब 2-0 से आगे हो गया। पाकिस्तानी खिलाड़ी अभी इस गोल के झटके से संभल भी नहीं पाए थे कि ललित ने पाकिस्तानी डिफेन्स की चूक का फायदा उठाते हुए अगले ही मिनट में टीम का तीसरा गोल दाग दिया। 
 
गुरजंत ने 57वें मिनट में डी के मुहाने पर मिली गेंद पर जोरदार शॉट लगाया जो पाकिस्तान के डिफेन्स को चीरता हुआ गोल में समा गया और भारत ने 4-0 के बड़े अंतर से मुक़ाबला जीत लिया। भारत के जीतते ही भारतीय खेमे में मौजूद सभी खिलाड़ियों ने एक दूसरे को बधाई दी। (वार्ता) 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

रोहित शर्मा बोले, ट्रेंट बोल्ट बन सकते हैं खतरा...