Publish Date: Tue, 10 Nov 2015 (17:01 IST)
Updated Date: Tue, 10 Nov 2015 (17:03 IST)
चेन्नई। चेन्नईयिन एफसी पिछले तीन में से दो मैच गंवाने के बाद इंडियन सुपर लीग के महत्वपूर्ण मैच में बुधवार को यहां नार्थईस्ट यूनाइटेड से भिड़ेगा। चेन्नईयिन के लिए यह महत्वपूर्ण मैच होगा, जिस पर उसकी सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद टिकी हुई है।
दूसरी तरफ चेन्नईयिन के खिलाफ घरेलू मैच जीतने वाला नार्थईस्ट भी अपनी स्थिति को मजबूत करना चाहेगा। पिछले साल चेन्नईयिन ने अपने घरेलू मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन इस बार उसे यहां दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा है, जिनमें एफसी गोवा के हाथों दूसरे चरण की हार भी शामिल है। उसके अभी 11 अंक हैं और वह जीत की लय हासिल करने के लिए बेताब है।
लेकिन सीजर फारियास के कोचिंग वाली नार्थईस्ट शानदार फार्म में है। सत्र की खराब शुरुआत के बाद उसने दस अंक हासिल किए तथा एटलेटिको डि कोलकाता पर जीत से उसे हौसले बुलंद हैं। (भाषा)