Publish Date: Wed, 20 Feb 2019 (00:07 IST)
Updated Date: Wed, 20 Feb 2019 (00:12 IST)
जकार्ता। पिछले साल एशियाई खेलों की सफल मेजबानी के बाद इंडोनेशिया ने 2032 ओलंपिक की मेजबानी की दावेदारी सौंपी है। इंडोनेशिया के स्विट्जरलैंड में दूत मुलियामान हदाद ने पिछले हफ्ते लुसाने में राष्ट्रपति जोको विडोडो की ओर से अंतरराष्टूीय ओलंपिक समिति को औपचारिक बोली पत्र सौंपा। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की।
हदाद ने इस हफ्ते सार्वजनिक किए गए बयान में कहा, यह सही समय है कि बड़े देश के रूप में इंडोनेशिया की क्षमता को दिखाया जाए। पिछले साल एशियाई खेलों के दौरान विडोडो ने जकार्ता में 2032 ओलंपिक की मेजबानी की इच्छा सार्वजनिक रूप से जताई थी।
भारत ने भी 2032 खेलों के आयोजन में रुचि दिखाई है जबकि उत्तर और दक्षिण कोरिया ने कहा है कि वे इन खेलों की संयुक्त मेजबानी की दावेदारी पेश कर सकते हैं। आईओसी 2025 तक 2032 खेलों के मेजबान की घोषणा करेगा।