Publish Date: Wed, 02 Jan 2019 (15:20 IST)
Updated Date: Wed, 02 Jan 2019 (15:27 IST)
इंदौर। मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी में तीन फरवरी को इंदौर मैराथन का आयोजन किया जाएंगा। आयोजकों के मुताबिक लम्बी दूरी की इस दौड़ के पांचवें सालाना संस्करण में देश-विदेश के करीब 25,000 धावकों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।
इंदौर मैराथन का आयोजन अकादमी ऑफ इंदौर मैराथनर्स नाम का परमार्थ संगठन "डोंट जस्ट रन, गिफ्ट समवन ए रन" की थीम पर कर रहा है। संगठन के अध्यक्ष अरुण अग्रवाल ने बुधवार को बताया कि इस थीम का मकसद यह है कि धावक मैराथन में खुद हिस्सा लेने के साथ अपने किसी साथी को भी इस दौड़ में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित करें।
उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय मापदंडों पर आधारित इंदौर मैराथन पांच किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 21 किलोमीटर की तीन श्रेणियों में आयोजित होगी। मैराथन में अलग-अलग वर्गों में करीब 8 लाख रुपए की इनामी राशि दांव पर होगी। (भाषा)