Publish Date: Sun, 17 Jan 2016 (20:38 IST)
Updated Date: Sun, 17 Jan 2016 (20:42 IST)
इन्दौर। महाराष्ट्र के ईशप्रीत चड्ढा ने तमिलनाडु के एस. कृष्णा को खिताबी हैट्रिक बनाने से रोक दिया। जूनियर बिलियर्ड्स के रोचक व संघर्षपूर्ण फायनल मुकाबले में ईशप्रीत ने धैर्य व बेहतरीन तालमेल का परिचय देते हुए जूनियर बिलियर्ड्स वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया।
म.प्र. बिलियर्ड्स-स्नूकर एसोसिएशन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा मनीषा बिल्डर्स के संयुक्त तत्वाधान में राऊ स्थित एमरल्ड हाईट्स स्कूल में खेली जा रही इस राष्ट्रीय स्पर्धा के जूनियर बिलियर्ड्स के फायनल में शुरुआत में कृष्णा ने अपना दबदबा बना लिया था, लेकिन ईशप्रीत ने जोरदार वापसी करते हुए लगातार अंक अर्जित करते हुए 767-531 से यह मुकाबला अपने नाम कर लिया।
ईशप्रीत ने जहां 120, 80, 94 व 80 के ब्रेक लगाए तो वहीं कृष्णा ने भी 80, 70 व 90 के ब्रेक लगाकर कड़ा संघर्ष किया। इस वर्ग में तीसरा स्थान कनार्टक के एम.एल. लक्ष्मण को मिला, जबकि चौथे स्थान पर महाराष्ट्र के स्पर्श पेरवानी रहे।
चित्रांश व प्रियंक पराजय के लिए विवश : जूनियर स्नूकर वर्ग के क्वालीफाईंग दौर के अंतिम मुकाबलों में महाराष्ट्र के क्रिश गुरूबक्षानी ने म.प्र. के प्रियंक वाडेकर को 3-2 से, असम के किशांकु बोस ने म.प्र. के चित्रांश चतुर्वेदी को 3-2 से, झारखंड के शोएब खान ने म.प्र. के यश पटेल को 3-0 से, महाराष्ट्र के हरमन मांगे ने म.प्र. के ऋषभ पिटालिया को 3-1 से, महाराष्ट्र के अमोख बेंदी ने दिल्ली के जुनेज अहमद को 3-2 से हराया।
गुजरात के करण भंडारी ने उत्तरप्रदेश के विवेक खण्डेलवाल को 3-2 से, कनार्टक के अर्जुन मेहता ने पश्चिम बंगाल के प्रद्युम्न अग्रवाल को 3-1 से, उत्तरप्रदेश के आयुष श्रीवास्तव ने पंजाब के लवीश राजेन्द्र को 3-2 से, महाराष्ट्र के धैर्य भंडारी ने उत्तराखंड के पारस बाली को 3-2 से तथा हरियाणा के आर्यन अबरोल ने म.प्र. के पीयूष कर्ण को 3-0 से शिकस्त दी। मुख्य दौर में पहुंचने वाले खिलाडिय़ों की स्थिति रविवार को तय होगी।