Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

पाकिस्तानी निशानेबाजों के दिल्ली विश्व कप में भाग लेने पर असमंजस

हमें फॉलो करें पाकिस्तानी निशानेबाजों के दिल्ली विश्व कप में भाग लेने पर असमंजस
, सोमवार, 18 फ़रवरी 2019 (17:53 IST)
कराची। पुलवामा में हुए आतंकवादी हमले के बाद पाकिस्तान के निशानेबाजों का नई दिल्ली में होने वाले विश्व कप में भाग लेने पर संदेह की स्थिति है। पाकिस्तान के निशानेबाजी महासंघ ने सोमवार को कहा कि अगर आज शाम छह बजे तक वीजा नहीं मिलेगा तो वे खिलाड़ियों को भारत नहीं भेजेंगे। 


 
अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) की यह प्रतियोगिता गुरुवार से नई दिल्ली की डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में शुरू होगी। इससे 2020 तोक्यो ओलंपिक के लिए 16 कोटा हासिल किए जा सकते हैं। 
 
पाकिस्तान के राष्ट्रीय राइफल निशानेबाजी महासंघ के अध्यक्ष राजी अहमद ने कहा, ‘हम आज शाम छह बजे तक का इंतजार करेंगे, अगर हमें वीजा मिल जाता है तो हमारा दल दिल्ली जाएगा। लेकिन आज वीजा नहीं मिला तो हम 21 फरवरी से शुरू होने वाले टूर्नामेंट के लिए इतने कम समय में वहां नहीं जा सकते।’ 
 
उन्होंने कहा कि इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग में काफी पहले वीजा के आवेदन दिए गए थे। भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ ने कहा कि भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों के आवेदन को मंजूरी दे दी थी लेकिन वह गुरुवार को हुए बड़े हमले से पहले की स्थिति थी।

पाकिस्तान ने इस विश्व कप के लिए दो निशानेबाजों जीएम बशीर और खलील अहमद के लिए वीजा आवेदन किया है। दोनों निशानेबाज रैपिड फायर वर्ग के हैं। 
 
राजी ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों की हवाई यात्रा और होटल के टिकट भी बुक कराए जा चुके हैं। इसके अलावा हथियार ले जाने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र भी हासिल किया जा चुका है। (भाषा) 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

पाकिस्तान के साथ क्रिकेट की कोई संभावना नहीं : राजीव शुक्ला