Publish Date: Sat, 19 Dec 2015 (14:11 IST)
Updated Date: Sat, 19 Dec 2015 (14:13 IST)
बर्लिन। जर्मनी के फुटबॉल संघ ने 2006 विश्व कप की मेजबानी की अपनी दावेदारी के लिए दागी अधिकारी जैक वार्नर का अहम वोट जुटाने के इरादे से लाखों डॉलर के पैकेज का वादा किया था।
समाचार मैग्जीन 'डेर स्पीगल' में यह दावा किया गया है। इस मैग्जीन ने अक्टूबर में खुलासा करते हुए जर्मनी पर आरोप लगाया था कि टूर्नामेंट की मेजबानी का अधिकार हासिल करने के लिए उसने वोट खरीदे थे।
मैग्जीन ने कहा कि उसने वह अनुबंध देखा है जिसमें जर्मन फुटबॉल संघ (डीएफबी) द्वारा वार्नर और उनकी अगुआई वाले त्रिनिदाद एवं टोबैगो संघ को सुविधाएं देने का विस्तृत जिक्र है।
वार्नर उत्तरी अमेरिका, मध्य अमेरिका और कैरेबियाई फुटबॉल महासंघ (कोनकाकाफ) के अध्यक्ष थे और उन 14 शुरुआती लोगों में शामिल थे जिन पर मई में अमेरिकी अटार्नी जनरल ने रैकेट चलाने, रिश्वत और धनशोधन के आरोप लगाए थे। (भाषा)