Publish Date: Sun, 25 Jun 2017 (16:53 IST)
Updated Date: Sun, 25 Jun 2017 (17:36 IST)
नई दिल्ली। भारतीय बैडमिंटन संघ (बाई) ने ऑस्ट्रेलियन ओपन सुपर सीरीज खिताब जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष खिलाड़ी बने किदांबी श्रीकांत को 5 लाख रुपए का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
बाई के अध्यक्ष हिमांता बिस्वा सरमा ने रविवार को खिताब जीतने वाले श्रीकांत को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई देते हुए यह घोषणा की। श्रीकांत ने ओलंपिक चैंपियन चीन के चेन लोंग को सिडनी में हराकर ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीता।
बाई ने पिछले रविवार को इंडोनेशिया ओपन का खिताब जीतने पर भी श्रीकांत को 5 लाख रुपए का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की थी। श्रीकांत ने जापान के काजूमासा सकई को जकार्ता में 21-11, 21-19 से हराकर इंडोनेशिया ओपन का खिताब जीता।
सरमा ने कहा कि यह पूरे देश के लिए बड़ी खुशी की बात है कि श्रीकांत ने इंडोनेशिया ओपन के बाद ऑस्ट्रेलियन ओपन में भी खिताबी जीत दर्ज की। उन्होंने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। यह भारतीय बैडमिंटन और श्रीकांत के लिए बड़ी उपलब्धि है। श्रीकांत की उपलब्धि की सराहना करने के लिए शब्द कम हैं।
बाई के महासचिव और आधिकारिक प्रवक्ता अनूप नारंग ने भी श्रीकांत को हार्दिक बधाई दी। इस टूर्नामेंट में अन्य भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा। पीवी सिंधू, साइना नेहवाल और बी. साई प्रणीत तीनों क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे। (वार्ता)