Publish Date: Fri, 20 Nov 2015 (14:53 IST)
Updated Date: Fri, 20 Nov 2015 (14:56 IST)
मैड्रिड। पेरिस में हुए आतंकवादी हमले और उसके बाद भारी सुरक्षा चिंताओं ने रियाल मैड्रिड और बार्सिलोना के बीच शनिवार को होने वाले बहुप्रतीक्षित मुकाबले में चोट से उबरकर 2 महीने बाद वापसी कर रहे स्टार फुटबॉलर लियोनल मैसी की वापसी को भी फीका कर दिया है।
गत सप्ताह जर्मनी और फ्रांस के बीच दोस्ताना फुटबॉल मैच के दौरान स्टेडियम सहित पेरिस में विभिन्न जगहों पर हुए आतंकवादी हमलों के कारण रियाल मैड्रिड और बार्सिलोना के बीच सांतियागो बेर्नाबियू स्टेडियम में होने वाले मुकाबले के लिए सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया गया है।
फुटबॉल के दीवानों के बीच बहुप्रतीक्षित इस मैच को करीब 50 करोड़ लोगों के टीवी पर देखे जाने की उम्मीद है जबकि दुनिया के दिग्गज फुटबॉलर अर्जेंटीना के मैसी के इस वापसी मुकाबले में पहले सभी की निगाहें उन्हीं पर लगी थीं लेकिन भारी सुरक्षा के कारण अब सभी की चिंता इस अहम मुकाबले को सुरक्षित तरीके से कराने पर अधिक हैं। स्पेनिश सरकार ने इस मैच में पूरी सुरक्षा का भरोसा जताया है।
स्टेडियम में करीब 2,400 पुलिसकर्मियों की मौजूदगी और स्टेडियम के अंदर और बाहर तिहरी सुरक्षा व्यवस्था के कारण यहां आने वाले दर्शकों और खिलाड़ियों के लिए यह जरूर एक अलग माहौल में होने वाला मैच होगा जबकि इसके आयोजकों के लिए फिलहाल सभी की सुरक्षा ही प्राथमिकता है।
दरअसल, पेरिस में हुए हमले में भी फुटबॉल मैच के दौरान स्टेडियम स्टेड डी फ्रांस के बाहर 3 धमाके हुए थे। इस दौरान फ्रांस के राष्ट्रपति फांस्वा ओलांद सहित करीब 80,000 दर्शक स्टेडियम के अंदर मौजूद थे। ऐसे में बार्सिलोना और रियाल मैड्रिड के मैच में सुरक्षा एक बड़ी चिंता है। (वार्ता)