Publish Date: Mon, 18 Jan 2016 (15:17 IST)
Updated Date: Mon, 18 Jan 2016 (15:20 IST)
लंदन। कप्तान वेन रुनी के अंतिम समय में किए गए एकमात्र गोल की बदौलत मैनचेस्टर युनाइटेड ने इंग्लिश प्रीमियर लीग (ईपीएल) के मुकाबले में लिवरपूल को 1-0 से हरा दिया।
मैनचेस्टर और लीवरपूल के बीच मैच बेहद कड़ा और रोमांचक रहा। मुकाबले का पहला हॉफ गोलरहित रहा, लेकिन दूसरे हॉफ में स्टार खिलाड़ी रुनी ने 78वें मिनट में गोल दागकर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।
इसे बड़ी जीत बताते हुए रूनी ने कहा, 'हम इस जीत को पूरे साल बरकरार रखना चाहते हैं। मुझे रिकॉर्ड के बारे में पता नहीं था। मैनचेस्टर के लिए विजयी गोल करना सचमुच शानदार है।'
मुकाबले में इस गोल के साथ ही ईपीएल में रुनी के व्यक्तिगत गोल की संख्या 176 पहुंच गई, जो कि किसी एक क्लब के लिए किसी खिलाड़ी के सर्वाधिक गोल हैं।
रुनी ने आर्सेनल के दिग्गज फुटबॉलर थियरे हेनरी के 175 गोल के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। इस जीत से मैनचेस्टर ईपीएल अंक तालिका में एक स्थान के फायदे के साथ पांचवें पायदान पर पहुंच गया। वह चौथे स्थान पर काबिज टॉटेनहम से महज दो अंक ही पीछे है। (भाषा)