Publish Date: Sun, 15 Nov 2015 (21:48 IST)
Updated Date: Sun, 15 Nov 2015 (21:55 IST)
प्राग। रूस की महिला टेनिस स्टार मारिया शारापोवा ने फेड कप टेनिस टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में मेजबान चेक गणराज्य की कैरोलिना प्लिसकोवा को 6-3, 6-4 से शिकस्त देते हुए टूर्नामेंट में अपनी टीम को वापसी कराने का मौका दिया और रुस को मेजबान देश के खिलाफ 1-1 से बराबरी दिला दी।
विश्व की चौथे नंबर की खिलाड़ी शारापोवा ने शानदार खेल दिखाते हुए लगातार सेटों में मुकाबला जीत लिया और अपनी टीम को बराबरी दिला दी। उनसे पहले दुनिया की नंबर छह पेत्रा क्वीतोवा ने 28वीं रैंक की खिलाड़ी एनस्तासिया पावलियूचेनकोवा को हार्ड कोर्ट एरेना में खेले गए मुकाबले में 2-6, 6-1, 6-1 से हराया था और चेक गणराज्य को 1-0 की बढ़त दिला दी थी।
पांच बार की ग्रैंड स्लेम विजेता शारापोवा ने मैच के बाद कहा, मैं पूरे मैच के दौरान कुछ नर्वस थी और कुछ मौकों पर मैंने गलती भी की, लेकिन जीत से मुझे बेहद खुशी मिली है, हालांकि यह सच है कि मैं अपना सर्वश्रेष्ठ नहीं दे सकी और मुझे अपने खेल में सुधार करने की जरुरत है।
टूर्नामेंट में उलट एकल मुकाबलों में शारापोवा क्वीतोवा का सामना करेंगी, जबकि प्लिसकोवा अब पावलियूचेनकोवा से भिड़ेंगीं। (वार्ता)