Publish Date: Sun, 06 Dec 2015 (16:11 IST)
Updated Date: Sun, 06 Dec 2015 (16:17 IST)
रियो डी जेनेरियो। 5 बार की विश्व चैंपियन भारत की शीर्ष महिला मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम को अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज संघ (आइबा) के ओलंपिक टेस्ट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में हार के साथ कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा है।
लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता मैरीकॉम को अमेरिका की वर्जीनिया फुक्स से हार का सामना करना पड़ा और वे फाइनल में पहुंचने से चूक गईं।
वर्ष 2016 में ओलंपिक खेलों के आयोजन शहर ब्राजील के रियो में हो रहे इस टूर्नामेंट को मुख्य ओलंपिक खेलों से तैयारी के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।
इंचियोन एशियाई खेलों में गत वर्ष स्वर्ण पदक जीतने के बाद मैरीकॉम चोटिल हो गई थी और 1 वर्ष के लंबे अंतराल के बाद वे किसी स्पर्धात्मक टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही थीं। ओलंपिक टेस्ट स्पर्धा में भाग ले रहे पुरुष भारतीय खिलाड़ियों के हारकर बाहर हो जाने से इस टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती भी समाप्त हो गई है।
राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता मनोज कुमार को अपने 64 किग्रा वर्ग में ब्रिटेन के सैमुअल मैक्सवेल से जबकि विश्व चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे सतीश कुमार को 91 किग्रा से अधिक वजन वर्ग में हार झेलनी पड़ी।
अन्य भारतीय मुक्केबाजों में प्रवीण कुमार (91 किग्रा) को ब्राजील के गिडेल्सन डी ओलिवियेरा, श्याम ककारा (51 किग्रा) को उज्बेकिस्तान के हसनब्वाय डुस्मातोव के हाथों पराजय झेलनी पड़ी। (वार्ता)