Publish Date: Sun, 08 Nov 2015 (16:41 IST)
Updated Date: Sun, 08 Nov 2015 (16:54 IST)
पेरिस। शीर्ष वरीय और गत चैंपियन सर्बिया के नोवाक जोकोविच और दूसरी सीड ब्रिटेन के एंडी मरे पेरिस मास्टर्स का खिताब पाने के लिए एक-दूसरे से भिड़ेंगे।
पुरुष एकल सेमीफाइनल में जोकोविच ने स्विट्जरलैंड के स्टेनिसलास वावरिंका को 3 सेटों के संघर्ष में 6-3, 3-6, 6-0 से हराया जबकि मरे ने स्पेन के डेविड फेरर को लगातार सेटों में 6-4, 6-3 से पराजित कर बाहर कर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।
पेरिस मास्टर्स सत्र के मास्टर्स 1,000 सीरीज का आखिरी मुकाबला है और जोकोविच इस सीरीज के 5 मुकाबले जीत चुके हैं जबकि मरे ने 2 अपने नाम किए हैं। जोकोविच और वावरिंका के बीच यह मुकाबला काफी अहम था, क्योंकि जून में पेरिस में ही फ्रेंच ओपन फाइनल में उन्हें वावरिंका से हार झेलनी पड़ी थी।
सर्बियाई खिलाड़ी ने इस वर्ष ऑस्ट्रेलिया ओपन, विंबलडन और यूएस ओपन खिताब जीते हैं और यदि फ्रेंच ओपन के रास्ते में वावरिंका न आते तो जोकोविच एक ही सत्र में चारों स्लेम जीतने वाले दुनिया के तीसरे खिलाड़ी होते। इससे पहले डान बज, रॉड लेवर ने ही यह उपलब्धि दर्ज की है।
मैच में तीसरे गेम में मिले ब्रेक की बदौलत जोकोविच ने आसानी से पहला सेट जीता जबकि दूसरे सेट में वावरिंका की सर्विस ब्रेक कर 2-0 की बढ़त बनाई, लेकिन क्वार्टर फाइनल में राफेल नडाल को हरा चुके वावरिंका ने वापसी करते हुए लगातार 5 गेम जीते और 6-3 से सेट जीतकर मैच 1-1 से बराबरी कर ली।
तीसरे सेट में जोकोविच ने सर्विस गेम से शुरुआत की और आसानी से सेट जीता और लगातार तीसरे वर्ष फाइनल में प्रवेश कर लिया। (वार्ता)