Publish Date: Sun, 13 Dec 2015 (14:43 IST)
Updated Date: Sun, 13 Dec 2015 (15:55 IST)
दुबई। जापान की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी नोजोमी ओकुहारा ने दुनिया की नंबर एक स्पेन की कैरोलिना मारिन को हराकर बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड सुपर सीरीज के खिताबी मुकाबले में जगह बनाई, जहां उनकी टक्कर चीन की यिहान वांग से होगी।
20 वर्षीय नोजोमी ने रोमांचक अंदाज में शनिवार को महिला एकल के सेमीफाइनल मुकाबले में स्पेन की कैरोलिना को 53 मिनट में 21-11, 21-12 से पराजित किया।
वे टूर्नामेंट के खिताब के लिए हमदान स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में यिहान से रविवार को भिड़ेंगी। नोजोमी घुटने की चोट के कारण पिछले काफी समय से नहीं खेल पा रही थीं और वापसी के बाद सेमीफाइनल मुकाबले में मिली जीत से वे बेहद खुश नजर आईं।
मैच के दौरान 22 वर्षीय कैरोलिना ने रैफरी से कई बार दर्शकों के मोबाइलों की फ्लैश लाइट की शिकायत की। कई दर्शक अपने स्मार्ट फोनों से फोटो और सेल्फी लेने का प्रयास कर रहे थे और उनके मोबाइल की फ्लैश लाइट से कैरोलिना का कई बार ध्यान भंग हुआ।
दूसरे सेमीफाइनल में शंघाई में जन्मीं यिहान ने थाईलैंड की रत्चानोक इंतानोन को 21-12, 21-12 से हराया। वर्ष 2013 में सबसे कम उम्र की विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल कर चुकीं इंतानोन ने 36 मिनट तक चले पूरे मुकाबले के दौरान रक्षात्मक खेल दिखाया लेकिन यिहान ने जवाबी हमले करते हुए बेहतरीन प्रदर्शन किया और फाइनल में जगह बनाई। (वार्ता)