Publish Date: Sun, 10 Jul 2016 (13:55 IST)
Updated Date: Sun, 10 Jul 2016 (13:57 IST)
साओ पाउलो। ब्राजील के महान फुटबॉलर पेले पिछले 6 साल से अपनी प्रेमिका रही मार्सिया सिबेले आओकी के साथ मंगलवार को विवाह करेंगे, जो उनकी तीसरी शादी होगी। पेले अभी 75 साल के हैं।
उन्होंने 'ओ एस्तादो डि साओ पाउलो' समाचार-पत्र से कहा कि इस बार उन्हें जीवनभर के लिए सच्चा प्यार मिल गया है। पेले और आओकी 1980 के दशक में न्यूयॉर्क में मिले थे लेकिन 2010 में साओ पाउलो में एक एलेवेटर पर फिर से मुलाकात के बाद वे एक-दूसरे के करीब आए।
आओकी अभी 42 वर्ष की हैं और व्यवसायी हैं। वे 2012 से 3 बार के विश्व चैंपियन पेले के साथ सभी सार्वजनिक कार्यक्रमों में दिखती रही हैं। यही नहीं, हाल के वर्षों में जब पेले को अस्पताल जाना पड़ा तब भी आओकी उनके साथ रहीं।
पेले को दुनिया के महानतम फुटबॉलरों में से एक माना जाता है। उन्होंने अपने करियर में 1,363 मैच खेले और 1,281 गोल किए। इसमें से 91 गोल उन्होंने ब्राजील की तरफ से किए। (भाषा)