Publish Date: Sun, 27 Jan 2019 (12:42 IST)
Updated Date: Sun, 27 Jan 2019 (12:49 IST)
मेलबोर्न। पियरे ह्यूज हर्बर्ट और निकोलस माहुत की 5वीं वरीय जोड़ी ने रविवार को यहां ऑस्ट्रेलिया ओपन फाइनल में हेनरी कोंटिनेन और जॉन पीयर्स को सीधे सेटों में हराकर अपना चौथा पुरुष युगल ग्रैंडस्लैम खिताब जीता।
हर्बर्ट और माहुत की फ्रांस की जोड़ी ने फिनलैंड के कोंटिनेन और ऑस्ट्रेलिया के पीयर्स की 12वीं वरीय जोड़ी को 6-4, 7-6 से हराया। इस जीत के साथ हर्बर्ट और माहुत की जोड़ी चारों मेजर टूर्नामेंट में युगल खिताब जीतने वाली सिर्फ 8वीं जोड़ी बनी।
हर्बर्ट ने कहा कि निकोलस, हमने एकसाथ अपना पहला टूर्नामेंट 2015 में यहां खेला था और हम फाइनल में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि अब हमने सभी ग्रैंडस्लैम जीत लिए हैं। यह मजेदार है। माइकल लोड्रा और फेब्रिस सांतोरो के बाद हर्बर्ट और माहुत ऑस्ट्रेलिया ओपन का खिताब जीतने वाली दूसरी फ्रांसीसी जोड़ी है। लोड्रा और सांतोरो ने 2003 और 2004 में लगातार 2 साल यहां खिताब जीता था। (भाषा)