Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia
Advertiesment

National Sports Day: PM मोदी से लेकर क्रिकेट और अन्य खेल हस्तियों ने दी बधाईयां

हमें फॉलो करें National Sports Day: PM मोदी से लेकर क्रिकेट और अन्य खेल हस्तियों ने दी बधाईयां
, सोमवार, 29 अगस्त 2022 (17:25 IST)
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को उनकी जयंती पर सोमवार को श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर कई राजनेताओं और खिलाड़ियों ने भी देशवासियों को बधाई दी।महान हॉकी खिलाड़ी ध्यानचंद की जयंती के मौके पर हर साल 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है।
मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘राष्ट्रीय खेल दिवस की बधाई और मेजर ध्यानचंद को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि। हाल के वर्ष खेलों के लिए बहुत अच्छे रहे हैं। यह सिलसिला जारी रहे। कामना करता हूं कि खेल पूरे भारत में लोकप्रियता हासिल करते रहें।’’

जूनियर खेल मंत्री निसिथ प्रमाणिक ने भारत को एक खेल राष्ट्र बनाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को उनकी जयंती पर मेरी विनम्र श्रद्धांजलि। #राष्ट्रीयखेलदिवस2022 के अवसर पर मैं उन सभी को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने भारत में खेलों के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया है। भारत को एक खेल राष्ट्र बनाने के लिए मिलकर काम करें।”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, ‘‘भारतीय हॉकी में शानदार योगदान देने वाले मेजर ध्यानचंद को राष्ट्रीय खेल दिवस पर श्रद्धांजलि। साथ ही उन सभी खिलाड़ियों को बधाई जिन्होंने अपने समर्पण और उल्लेखनीय प्रदर्शन से देश को गौरवान्वित किया है। आगामी प्रतियोगिताओं के लिए उन्हें शुभकामनाएं।’’

पूर्व खेल मंत्री और वर्तमान केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा, ‘‘#राष्ट्रीयखेलदिवस और मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मैं महान ‘भारतीय हॉकी के जादूगर’ को विनम्र श्रद्धांजलि देता हूं। मैं उन खिलाड़ियों को सलाम करता हूं जो भारत के लिए खेले और देश को गौरवांवित किया।’’

महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और ओलंपिक भाला फेंक चैंपियन नीरज चोपड़ा की अगुआई में खेल जगत ने बधाइयां दी।

तेंदुलकर ने रूपा रानी टिर्की, पिंकी, नयनमोनी सेकिया और लवली चौबे का उदाहरण देते हुए अपना संदेश दिया। इन चारों ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में महिला लॉन बॉल फोर (चार खिलाड़ियों की स्पर्धा) स्पर्धा में एतिहासिक स्वर्ण पदक जीता था।
तेंदुलकर ने बयान में कहा, ‘‘रूपा, लवली, नयनमोनी और पिंकी की कहानी आशा की कहानी है। उन्होंने ना केवल हमारे लिए एक कम ज्ञात खेल को फिर से पेश किया बल्कि अपने लिए उचित पहचान भी हासिल की। रूपा रानी टिर्की कभी कबड्डी खिलाड़ी थीं, नयनमोनी सेकिया एक भारोत्तोलक, पिंकी सिंह एक क्रिकेटर जबकि लवली चौबे एक धावक थी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वे एक ऐसे खेल के लिए एक साथ आए जिसके बारे में काफी लोग नहीं जानते थे। अब उनके नाम पर एतिहासिक स्वर्ण है। इसके साथ उन्होंने इस पुरानी कहावत को सही साबित किया है कि ‘उम्र सिर्फ एक संख्या है।’

तेंदुलकर ने लिखा, ‘‘एक अरब 30 करोड़ लोगों के देश में हमें बाधाओं को तोड़ने और खेल में जीत से क्या रोक सकता है? इस राष्ट्रीय खेल दिवस पर आइए हम भारत को ‘खेल प्रेमी राष्ट्र’ से ‘खेल खेलने वाला देश’ बनाने के अपने सामूहिक प्रयास को जारी रखें।’’
चोपड़ा ने ट्वीट किया, ‘‘महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के सम्मान में राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त को मनाया जाता है और मैं भारत को खेलते हुए देखने को लेकर उत्सुक हूं। सिर्फ इसी दिन नहीं बल्कि पूरे साल।’’

स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने लिखा, ‘‘मेरा खेल मुझे सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रेरित करता है। राष्ट्रीय खेल दिवस की बधाई।’’

पूर्व भारतीय क्रिकेटरों युवराज सिंह, मिताली राज और दिनेश कार्तिक ने भी सोशल मीडिया पर देशवासियों को बधाई दी।युवराज ने लिखा, ‘‘आज और रोजाना खेल भावना को सलाम! महान चैंपियनों के इस देश का नागरिक होने पर गर्व है!’’

कार्तिक ने कहा, ‘‘एक खिलाड़ी के रूप में जिसने अपना जीवन उस खेल को समर्पित कर दिया है जिसे वह प्यार करता है, मैं कह सकता हूं कि खेल किसी के लिए कितना मायने रखता है। ऐसे सभी खिलाड़ियों और लोगों को जो खेल खेलना या देखना पसंद करते हैं उन्हें #राष्ट्रीयखेलदिवस की शुभकामनाएं।’’
मिताली ने ट्वीट किया, ‘‘राष्ट्रीय खेल दिवस दिवंगत मेजर ध्यानचंद की विरासत की याद दिलाता है जिन्होंने दुनिया को हॉकी के क्षेत्र में भारत की ताकत से रूबरू कराया। आज हम कई अलग-अलग खेलों में शानदार प्रगति कर रहे हैं और हम शानदार प्रदर्शन जारी रखेंगे। राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं!’’
ओलंपिक और राष्ट्रमंडल खेलों की पदक विजेता साक्षी मलिक ने भी इस मौके पर देश को बधाई दी।साक्षी ने कहा, ‘‘राष्ट्रीय खेल दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। खेल में भाग लेने से शारीरिक मजबूती और मानसिक स्वास्थ्य दोनों में सुधार होता है। आप सभी को राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं।’’(भाषा)

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

एक और पाक गेंदबाज मुश्किल में, 2 विकेट लेने वाले नसीम शाह ने लंगड़ाते हुए डाला अंतिम ओवर