Publish Date: Wed, 27 Sep 2017 (18:51 IST)
Updated Date: Wed, 27 Sep 2017 (18:57 IST)
नई दिल्ली। हॉकी इंडिया ने राष्ट्रीय महिला हॉकी टीम के पूर्व कोच पीपी एंटोनी के निधन पर शोक व्यक्त किया, जो बेंगलुरु के साई परिसर में भी कोचों को ट्रेनिंग देते थे। उनका मंगलवार को त्रिचूर में निधन हो गया। वे 68 वर्ष के थे।
एंटोनी के मार्गदर्शन में भारतीय जूनियर महिला टीम ने 1999 में 4 देशों का टूर्नामेंट जीता था और जूनियर एशिया कप में कांस्य पदक अपने नाम किया था। वे 2001 में सीनियर टीम के कोच बने थे।
हॉकी इंडिया की अध्यक्ष मरियम्मा कोशी ने कहा कि एंटोनी बहुत योग्य कोच थे। वे अनुशासन का बहुत ध्यान रखते थे। उनके मार्गदर्शन में भारतीय हॉकी टीम ने काफी अच्छे नतीजे हासिल किए। मुझे बहुत दुख है कि वे आज हमारे साथ नहीं हैं।
कोशी ने कहा कि हॉकी इंडिया की तरफ से मैं एंटोनी के परिवार (उनकी पत्नी बीना और बेटे फ्रांसिस) को संवेदना प्रकट करना चाहूंगी। मैं प्रार्थना करूंगी कि उनके परिवार को इससे उबरने की ताकत मिले। (भाषा)