Publish Date: Sun, 23 Dec 2018 (18:26 IST)
Updated Date: Sun, 23 Dec 2018 (18:54 IST)
कोलकाता। बंगाल वॉरियर्स ने गत 3 बार के चैंपियन पटना पाइरेट्स को शनिवार रात प्रो कबड्डी लीग के सीजन 6 के मैच में 39-23 से धो डाला और जोन बी से प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया।
बंगाल के इस जीत के बाद 18 मैचों से 58 अंक हो गए हैं और वह जोन बी से बेंगलुरु बुल्स के बाद क्वालीफाई करने वाली दूसरी टीम बन गई है। बंगाल की 18 मैचों में यह 10वीं जीत है जबकि पटना की 21 मैचों में 10वीं हार है और वह 55 अंकों के साथ तालिका में अभी तीसरे स्थान पर है।
बंगाल के लिए मनिंदर सिंह ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और 11 अंक बटोरे। पटना के स्टार खिलाड़ी प्रदीप नरवाल ज्यादा अंक बनाने से चूके और यही पटना की हार का सबसे बड़ा कारण रहा। इस हार से पटना पाइरेट्स का प्लेऑफ में स्थान खतरे में पड़ गया है। पटना को प्लेऑफ के लिए अपने आखिरी मैच में गुजरात फॉर्च्यून जॉयंट्स को हर हाल में हराना होगा।