Publish Date: Sun, 20 Dec 2015 (22:03 IST)
Updated Date: Sun, 20 Dec 2015 (22:07 IST)
ग्रेटर नोएडा। विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता नरसिंह यादव की अगुवाई में बेंगलुरु योद्धाओं ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए पंजाब रॉयल्स को रविवार को 5-2 से हराकर प्रो रेसलिंग लीग में अपनी दूसरी जीत दर्ज की।
बेंगलुरु की चार मैचों में यह दूसरी जीत है और वह तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है जबकि पंजाब को इतने ही मैचों में दूसरी हार का सामना करना पड़ा और वह तालिका में चौथे स्थान पर है।
गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी इंडोर स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में महिलाओं के 48 किग्रा वर्ग में बेंगलुरु की एलिसा लेम्पे और पंजाब की याना रेटिगन का मैच सबसे रोमांचक रहा। इस मैच में कुल 38 अंक स्कोर किए गए जो आमतौर पर किसी पूरे मुकाबले के सात मैचों में होते हैं।
एलिसा ने यह मैच 24-14 के अंतर से जीता। एलिसा को प्लेयर ऑफ द टाई का पुरस्कार दिया गया। बेंगलुरु ने पंजाब से यह मुकाबला कुल 52-44 के अंतर से जीता और बेंगलुरु के 52 अंकों में अकेले एलिसा का योगदान 24 अंकों का रहा। (वार्ता)
webdunia
Publish Date: Sun, 20 Dec 2015 (22:03 IST)
Updated Date: Sun, 20 Dec 2015 (22:07 IST)