Publish Date: Tue, 27 Oct 2015 (23:11 IST)
Updated Date: Tue, 27 Oct 2015 (23:15 IST)
पुणे। नाइजीरियाई फारवर्ड कालू यूचे के शानदार दो गोलों के बाद टंके सान्ली के 72 वें मिनट में किए गए निर्णायक गोल की मदद से एफसी पुणे सिटी ने इंडियन सुपर लीग के दूसरे सत्र में मंगलवार को केरल ब्लास्टर्स एफसी पर 3-2 से रोमांचक जीत दर्ज की। पुणे की यह लगातार तीसरी जीत है।
छत्रपति शिवाजी स्पोर्टस कांप्लेक्स में खेले गए इस मुकाबले में केरल ने पुणे को चौंकाते हुए पहले ही मिनट में गोल दाग दिया। भारत के मोहम्मद रफी ने हेडर लगाते हुए टीम की तरफ से पहला गोल दागते हुए अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी।
16 वें मिनट में पुणे के नाइजीरियाई फारवर्ड कालू यूचे ने निकी शूरी के शाट पर शानदार हेडर लगाते हुए अपनी टीम को 1-1 से बराबरी पर ला दिया। यूचे ने 23 वें मिनट में शूरी के एक अन्य पास पर बेहतरीन प्रहार करते हुए टीम का दूसरा और टूर्नामेंट का अपना चौथ गोल जड़ दिया।
केरल ने भारतीय खिलाड़ी रफी के गोल से 2-2 की बराबरी कर ली। रफी ने बांए छोर से मिले कार्नर पर हेडर लगाया जो दांए पोस्ट से टकराकर अंदर चला गया। रफी का टूर्नामेंट में यह चौथा गोल था।
दूसरे हाफ में 2-2 की बराबरी करने के बाद दोनों ही टीमों ने बढ़त हासिल करने की कोशिश की। 72 वें मिनट में तुर्की के सान्ली ने शूरी के पास पर शानदार हेडर लगाकर गोल जड़ दिया जो अंतत: मैच विजयी साबित हुआ।
इस जीत के साथ पुणे के छह मैचों से तीन जीत के बाद 12 अंक हो गए हैं और वह एफसी गोवा को पीछे छोड़ते हुए अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है जबकि केरल हार के साथ अंतिम स्थान पर बना हुआ है और उसके छह मैचों में चार अंक हैं। (वार्ता)