Publish Date: Thu, 26 Nov 2015 (17:32 IST)
Updated Date: Thu, 26 Nov 2015 (17:37 IST)
मकाऊ। भारतीय स्टार और 5वीं सीड पीवी सिंधु ने इंडोनेशिया की लिंडावेनी फैनेत्री को गुरुवार को यहां लगातार गेमों में हराकर 1 लाख 20 हजार डॉलर की इनामी राशि वाले मकाऊ ओपन ग्रां प्री बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
सिंधु ने फैनेत्री को 46 मिनट में लगातार गेमों में 21-17, 21-18 से हराकर महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। विश्व की 12वें नंबर की खिलाड़ी सिंधु की 26वीं रैंक इंडोनेशियाई खिलाड़ी पर यह 7वीं जीत है।
दोनों खिलाड़ी 9 बार एक-दूसरे के खिलाफ खेल चुकी हैं जिसमें फैनेत्री केवल 2 बार ही जीत दर्ज कर सकी हैं। सिंधु ने इंडोनेशियाई खिलाड़ी पर इसी वर्ष चीनी ताइपे ओपन में भी जीत दर्ज की थी।
5वीं सीड भारतीय खिलाड़ी का अगले दौर में 91वीं रैंक चीन की चेन युफेई से मुकाबला होगा। युफेई ने जापान की आया ओहोरी को 37 मिनट में 21-19, 21-9 से हराकर तीसरे दौर का मुकाबला जीता। (वार्ता)