Publish Date: Tue, 22 Dec 2015 (18:51 IST)
Updated Date: Tue, 22 Dec 2015 (18:53 IST)
नई दिल्ली। अगले वर्ष दो जनवरी से शुरु होने वाले प्रीमियर बैडमिंटन लीग (पीबीएल) के लिए पूरी तरह तैयार देश की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू का कहना है कि लीग में 15 अंकों के नए फार्मेट के कारण इसमें एक भी अंक गंवाना खतरे से खाली नहीं होगा।
सिंधू ने टूर्नामेंट में खेल के नए नियमों, खासकर 15 अंकों के गेम के बारे में मंगलवार को कहा, इसमें कुछ नए नियम होंगे जिस कारण यह बहुत रोमांचक होने वाला है। मुकाबले के दौरान हम एक अंक भी नहीं गंवा सकते हैं। इसके अलावा गेम 15 अंक का हो जाने से मैच अहम हो जाएगा और तालिका में जगह बनाने में भी अंकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
20 वर्षीय सिंधू ने कहा कि हर एक अंक के माध्यम से आप हर दिन एक नई टीम को अंक तालिका में शीर्ष पर पाएंगे। उन्होंने कहा कि विश्व के शीर्ष खिलाड़ियों के साथ खेलने से एक अलग ही अनुभव मिलेगा। खेल के दौरान 15 अंक किसी भी टीम के लिए अहम हो सकते हैं।
लीग की चेन्नई स्मैशर्स टीम की खिलाड़ी सिंधू का मानना है कि उनकी टीम में उनके अलावा सोनी ड्वी कुनकारो, साइमन सांतोसो, प्रणव जैरी चोपड़ा और क्रिस एडकोक जैसे कई खिलाड़ी हैं जो लीग की किसी भी टीम को टक्कर देने के लिए तैयार हैं।
पीबीएल का आयोजन अगले वर्ष 2 से 17 जनवरी तक होगा जिसमें दिल्ली एसर्स, हैदराबाद हंटर्स, अवध वॉरियर्स, मुंबई रॉकेट्स, बेंगलुरु टॉप गन्स और चेन्नई स्मैशर्स छह टीमें खिताब के लिए उतरेंगी। टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच मुंबई में अवध वॉरियर्स और मुंबई राकेट्स के बीच होगा और इसका सीधा प्रसारण स्टार स्पोटर्स पर किया जाएगा। (वार्ता)