Publish Date: Mon, 22 Aug 2016 (14:40 IST)
Updated Date: Mon, 22 Aug 2016 (14:44 IST)
हैदराबाद। महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर रियो ओलंपिक में रजत पदक जीतकर देश को गौरवान्वित करने वाली स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु को बीएमडब्ल्यू कार सौंपेंगे। सिंधु को बीएमडब्ल्यू कार तेंदुलकर के करीबी मित्र और हैदराबाद बैडमिंटन संघ के अध्यक्ष वी. चामुंडेश्वरनाथ दे रहे हैं।
रियो में टीम के साथ गए भारतीय बैडमिंटन संघ के सचिव (टूर्नामेंट) पुनैया चौधरी ने कहा कि वी. चामुंडरेश्वरनाथ और उनके मित्र सिंधु को बीएमडब्ल्यू कार तोहफे में दे रहे हैं। सचिन तेंदुलकर यह कार सिंधु को सौंपेंगे। 4 साल पहले तेंदुलकर ने लंदन खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल को भी बीएमडब्ल्यू कार सौंपी थी।
तेंदुलकर ने 2012 में एशिया युवा अंडर-19 चैंपियनशिप में लड़कियों के एकल वर्ग का खिताब जीतने पर भी सिंधु को मारुति स्विफ्ट कार सौंपी थी। (भाषा)