Publish Date: Wed, 02 Dec 2015 (15:34 IST)
Updated Date: Wed, 02 Dec 2015 (15:37 IST)
मलांग। शीर्ष वरीयता प्राप्त भारत की पीवी सिंधु और शीर्ष वरीय पुरुष खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत ने यहां चल रहे इंडोनेशिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट में बुधवार को विजयी शुरुआत करते हुए अपने-अपने वर्ग के दूसरे राउंड में प्रवेश कर लिया।
मकाऊ ओपन में खिताब की हैट्रिक लगाने के बाद विश्व की 12वें नंबर की खिलाड़ी सिंधु ने महिला एकल के पहले दौर में मेजबान इंडोनेशियाई खिलाड़ी ग्रिगोरिया मारिस्का को 54 मिनट के संघर्ष में 21-16, 19-21, 21-12 से पराजित कर दूसरे दौर में प्रवेश किया।
टूर्नामेंट में शीर्ष वरीय खिलाड़ी सिंधु विश्व की 110वीं रैंक खिलाड़ी ग्रिगोरिया के खिलाफ पहली बार खेलने उतरीं थीं। 2 बार की विश्व चैंपियनशिप कांस्य पदक विजेता सिंधु के सामने दूसरे दौर में अब इंडोनेशिया की वुलान काहिया उतामी सूकोपुतरी की चुनौती होगी।
पुरुष एकल में शीर्ष वरीय भारतीय खिलाड़ी श्रीकांत ने पहले दौर में इंडोनेशिया के विबावो सेतयाल्दी पुत्रा को 27 मिनट में एकतरफा अंदाज में 21-6, 21-12 से हराकर अगले दौर का टिकट कटाया। विश्व के 8वीं रैंक खिलाड़ी श्रीकांत के सामने इंडोनेशिया के सापुत्रा विकी एंगा की चुनौती होगी। (वार्ता)